हाईकोर्ट से बेल ऑर्डर मिला, कल जेल से बाहर आएगा रामपाल!
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बेल मिलने के बाद सतलोक आश्रम प्रमुख रामपाल 11 साल बाद हिसार जेल से रिहा होंगे। समर्थकों में खुशी का माहौल है।
➤ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बेल मिलने के बाद रामपाल की रिहाई का रास्ता साफ हुआ
➤ 11 साल 4 महीने 20 दिन बाद हिसार सेंट्रल जेल-2 से बाहर आएंगे सतलोक आश्रम प्रमुख रामपाल
➤ रिहाई की खबर से अनुयायियों में जश्न, कई जगह लड्डू बांटे गए और भावुक दिखे समर्थक
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद सतलोक आश्रम के प्रमुख रामपाल की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे रामपाल अब 11 साल, 4 महीने और 20 दिन बाद हिसार सेंट्रल जेल-2 से बाहर निकलेंगे। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी रिहाई शुक्रवार, 10 अप्रैल को होने की संभावना जताई जा रही है।
रामपाल के वकील सचिन दास ने बताया कि हाईकोर्ट से बेल ऑर्डर मिल चुका है। अब इसे स्थानीय अदालत में जमा कराया जाएगा, जिसके बाद औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर रिहाई सुनिश्चित की जाएगी।
जेल रिकॉर्ड में रामपाल की पहचान कैदी नंबर-1005 के रूप में दर्ज है। वह जेल में एक विशेष बैरक में रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, उनका अधिकतर समय जेल की लाइब्रेरी में आध्यात्मिक किताबें पढ़ते हुए बीतता था। बताया गया कि जेल के दौरान भी उन्होंने अन्य कैदियों की कानूनी मदद करवाई। जो बंदी सहायता मांगते थे, उनके लिए अपनी लीगल टीम के जरिए मदद उपलब्ध कराते थे।
रामपाल की जमानत की खबर फैलते ही उनके अनुयायियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। गुरुवार को बड़ी संख्या में समर्थक जेल के बाहर जुटने लगे। कई महिलाएं भावुक नजर आईं। वहीं सोनीपत समेत कई इलाकों में अनुयायियों ने लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की।
जेल के बाहर मौजूद अनुयायी ने कहा कि गुरुजी के बाहर आने की खबर से दिल गदगद हो गया है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि इतने वर्षों से इंतजार था कि कब गुरुजी आएंगे और कब उनकी सेवा का अवसर मिलेगा। कमलेश ने बताया कि जीवन में अब गुरुजी की सेवा ही सबसे बड़ा सहारा है। उनके साथ मौजूद दूसरी अनुयायी ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि परमात्मा के बाहर आने की सूचना से मन अत्यंत प्रसन्न है।
सोनीपत के धनाना गांव सहित कई स्थानों पर अनुयायियों ने जश्न मनाया। संत रामपाल के भतीजे युद्धवीर दास ने कहा कि 11 साल बाद गुरुजी के जेल से बाहर आने का दिन उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपाल को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया था।
रामपाल के वकील महेंद्र सिंह नैन ने एक दैनिक अखबार में बातचीत में बताया कि मुकदमा नंबर 428 में ट्रायल चल रहा है। इसी केस में देशद्रोह, हत्या सहित कई धाराएं लगी थीं। हाईकोर्ट ने अब नियमित बेल दे दी है। फिलहाल बेल बॉन्ड भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश मिलने के बाद तय होगा कि बेल बॉन्ड ट्रायल कोर्ट में भरा जाएगा या सीजेएम कोर्ट में। यदि आदेश समय पर पहुंच जाते हैं तो जल्द ही रिहाई संभव है।
वकील के अनुसार, इस मुकदमे में धारा 307, देशद्रोह, 148-149 समेत कई आरोप लगाए गए थे। हालांकि बचाव पक्ष का कहना है कि दर्ज एफआईआर का कोई ठोस आधार नहीं था।
रामपाल के स्वास्थ्य को लेकर महेंद्र नैन ने बताया कि करीब 78 वर्षीय रामपाल पूरी तरह स्वस्थ हैं। वह सीमित भोजन करते हैं और बहुत कम बोलते हैं। जेल में भी उन्होंने सादा जीवनशैली बनाए रखी।
रिहाई के बाद रामपाल कहां जाएंगे, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि उनके समर्थकों में इस खबर को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
Akhil Mahajan