प्रेग्नेंट करो... 10 लाख ले जाओ, इस शहर में चल रही 'विक्की डोनर' वाली स्कीम!

‘प्रेग्नेंट जॉब’ के नाम पर साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। महिला को गर्भवती करने पर 10 लाख देने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठगी की जा रही थी।

प्रेग्नेंट करो... 10 लाख ले जाओ,  इस शहर में चल रही 'विक्की डोनर' वाली स्कीम!

बिहार के नवादा में ‘प्रेग्नेंट जॉब’ के नाम पर साइबर ठगी का खुलासा
महिला को गर्भवती करने पर 10 लाख देने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन फ्रॉड
SIT की कार्रवाई में दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, जेल भेजे गए



बॉलीवुड फिल्म विक्की डोनर जैसी कहानी को हकीकत का जामा पहनाकर बिहार के नवादा जिले में एक अजीबोगरीब साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां ‘प्रेग्नेंट करो, 10 लाख ले जाओ’ के नाम से फर्जी स्कीम चलाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी की जा रही थी।

नवादा के हिसुआ थाना क्षेत्र से लगातार साइबर अपराध की सूचना मिलने के बाद एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर एक SIT का गठन किया गया। साइबर पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय सूचना के आधार पर मनवां गांव स्थित एक घर पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजन कुमार पिता सुखदेव प्रसाद और देवनंदन कुमार पिता अनिल प्रसाद के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि आरोपी मोबाइल के जरिए लोगों को कॉल कर धानी एप और SBI से सस्ते लोन, साथ ही महिला को प्रेग्नेंट करने की फर्जी जॉब का लालच दे रहे थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे ‘ऑल इंडिया प्रेग्नेंट जॉब’ और ‘प्लेबॉय सर्विस’ के नाम पर लोगों को फंसाते थे। आरोपियों द्वारा कहा जाता था कि महिला को गर्भवती करने पर 10 लाख रुपए दिए जाएंगे, लेकिन इसके लिए पहले रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराना होगा। इसी बहाने लाखों की ठगी की जा रही थी।

इस कार्रवाई में साइबर थाना के SI राहुल देव वर्मा, सिपाही चुनचुन कुमार, सूरज कुमार और सुभाष कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।