140 करोड़ भारतीयों का संदेश लेकर मोदी पहुंचे इजराइल, जाने

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजराइली संसद नेसेट में ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया। उन्होंने हमास हमले की निंदा करते हुए इजराइल के प्रति समर्थन जताया। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उन्हें एशिया का शेर बताया।

140 करोड़ भारतीयों का संदेश लेकर  मोदी पहुंचे इजराइल, जाने

इजराइली संसद में मोदी को सर्वोच्च सम्मान, ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से नवाजा गया
हमास हमले की कड़ी निंदा, बोले- भारत आपके दर्द को समझता है
नेतन्याहू ने कहा- मोदी एशिया के शेर, मेरे भाई जैसे


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के इजराइल दौरे पर तेल अवीव पहुंचे, जहां उनका स्वागत स्वयं इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर किया। बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी से मुलाकात हुई। नेतन्याहू ने हाथ जोड़कर नमस्ते किया और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर मित्रता का संदेश दिया।

नेतन्याहू ने हाथ जोड़कर पीएम मोदी को नमस्ते किया। साथ ही दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले भी लगाया।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल की संसद नेसेट को संबोधित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्हें संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ प्रदान किया गया। यह सम्मान नेसेट के स्पीकर अमीर ओहाना ने उन्हें दिया। संसद पहुंचने पर सांसदों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया और ‘मोदी मोदी’ के नारे भी लगे।

इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू (दाएं) ने एयरपोर्ट पर PM मोदी का स्वागत किया।

नेसेट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने हमास के हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी भी कारण से निर्दोष नागरिकों की हत्या को सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद से पीड़ित रहा है और इसलिए वह इजराइल के दर्द को भलीभांति समझता है। उन्होंने दो टूक कहा कि भारत इजराइल के साथ खड़ा है।

नेतन्याहू से प्राइवेट बातचीत के लिए रवाना हुए मोदी।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि वे 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं, मित्रता और मजबूत साझेदारी का संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने भारत और इजराइल के 2 हजार साल पुराने रिश्तों का जिक्र किया। बुक ऑफ एस्तेर और तलमुद में भारत का उल्लेख होने की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि प्रथम विश्व युद्ध के दौरान इस क्षेत्र में 4 हजार से अधिक भारतीय सैनिकों ने बलिदान दिया था, जिससे दोनों देशों का रिश्ता खून और त्याग से भी जुड़ा है।

प्राइवेट बातचीत के बाद मोदी ने नेत्नयाहू और उनकी पत्नी सारा के साथ भी फोटो खिंचवाई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में यहूदी समुदाय हमेशा सुरक्षित रहा है और कभी भी उन्हें भेदभाव या उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने गाजा शांति पहल का समर्थन करते हुए कहा कि भारत संवाद, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और जल्द ही शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा।

मोदी के स्वागत में मणिपुर की दृष्टिबाधित गायिका दीना सेमटे ने परफॉर्मेंस दी।

वहीं प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी को अपना ‘भाई’ बताया। उन्होंने कहा कि मोदी एशिया के शेर हैं और विश्व मंच पर सम्मानित नेता हैं। नेतन्याहू ने भारत में यहूदियों को मिले सम्मान और सुरक्षा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि दिल से जुड़े हुए हैं।

मोदी के स्वागत में इजराइल में तिरंगे लगाए गए हैं।

नेतन्याहू ने ‘मोदी हग’ को सच्ची दोस्ती का प्रतीक बताया और कहा कि दोनों देशों के सहयोग से व्यापार दोगुना, समझ और साझेदारी कई गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भारत-इजराइल गठबंधन दोनों देशों की ताकत को कई गुना बढ़ाने वाला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइली संसद नेसेट की विजिटर बुक में विचार लिखे।

एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं के बीच निजी बातचीत भी हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री होटल पहुंचे जहां प्रवासी भारतीयों ने पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उनका स्वागत किया। मणिपुर की दृष्टिबाधित गायिका दीना सेमटे ने विशेष प्रस्तुति दी।

प्रधानमंत्री मोदी का यह नौ साल में दूसरा इजराइल दौरा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में यहां आए थे। इस दौरे के दौरान रक्षा सौदों, ड्रोन और एंटी बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम से जुड़ी संभावित डील पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

इजराइली अखबार द यरूशलम पोस्ट ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में विशेष फ्रंट पेज प्रकाशित किया, जिसमें उनकी तस्वीर के साथ हिंदी में ‘नमस्ते’ और हिब्रू में ‘शालोम’ लिखा गया। यह दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों के नए अध्याय का प्रतीक माना जा रहा है।