सुपवा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में प्रोटोकॉल तोड़कर स्टेज पर पहुंचे सिंगर मासूम शर्मा
रोहतक की सुपवा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा प्रोटोकॉल तोड़कर मंच पर पहुंचे और राज्यपाल से डिग्री ली। VIDEO वायरल हो रहा है।
■ सुपवा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में प्रोटोकॉल तोड़कर स्टेज पर पहुंचे सिंगर मासूम शर्मा
■ गोल्ड मेडलिस्टों के बीच राज्यपाल से ली मास्टर्स की डिग्री
■ गवर्नर की पत्नी के पैर छूने का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
रोहतक स्थित दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (सुपवा) के दूसरे दीक्षांत समारोह में सोमवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। समारोह के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा अचानक प्रोटोकॉल तोड़कर मंच पर पहुंच गए और राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से अपनी डिग्री हासिल की।
दरअसल, कार्यक्रम में तय प्रोटोकॉल के अनुसार केवल गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को ही मंच पर बुलाया जा रहा था। इसी दौरान मासूम शर्मा हाथ में अपनी डिग्री लेकर स्टेज पर पहुंच गए। मंच पर मौजूद लोगों के लिए यह पल अचानक और चौंकाने वाला था।
हालांकि, राज्यपाल ने उन्हें निराश नहीं किया। उन्होंने औपचारिक रूप से मासूम शर्मा को डिग्री सौंपी और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान मासूम शर्मा ने राज्यपाल की पत्नी मित्रा घोष के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया गया कि मासूम शर्मा ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की है। इससे पहले उन्होंने अपनी बैचलर डिग्री भी इसी यूनिवर्सिटी से हासिल की थी।
दीक्षांत समारोह सुबह करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी मित्रा घोष भी मौजूद रहीं। वहीं शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा सहित प्रदेश की कई यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर भी समारोह में शामिल हुए।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यूनिवर्सिटी परिसर में अलग-अलग गेट बनाए गए थे। वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों की एंट्री गेट नंबर-1 से हुई, जबकि छात्रों और उनके परिजनों के लिए गेट नंबर-2 निर्धारित किया गया था।
समारोह में कुल 760 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 114 पोस्ट ग्रेजुएट और 646 ग्रेजुएशन के छात्र शामिल रहे। इसके अलावा 35 मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह के मंच पर पहुंचे राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष।
रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक के अनुसार छात्रों की सुविधा के लिए रिसेप्शन काउंटर और फोटो गैलरी की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि डिग्री लेने वाले विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
pooja