टेंडर गड़बड़ी पर सरकार का बड़ा एक्शन, 2 अधिकारी सस्पेंड
करनाल की असंध नगरपालिका में टेंडर गड़बड़ी और विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोपों के बाद सरकार ने सचिव प्रदीप जैन और अभियंता जयदेव शर्मा को निलंबित कर दिया।
➤ असंध नगरपालिका के सचिव प्रदीप जैन और अभियंता जयदेव शर्मा तत्काल प्रभाव से निलंबित
➤ खेल स्टेडियम और कॉलोनियों के विकास कार्यों में अनियमितता व टेंडर प्रक्रिया में मिली खामियां
➤ स्थानीय लोगों की शिकायत और जांच के बाद सरकार ने की कार्रवाई, पंचकूला बनाया मुख्यालय
करनाल जिले की असंध नगरपालिका में टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और विकास कार्यों में लापरवाही को लेकर हरियाणा सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष के आदेश पर नगरपालिका सचिव प्रदीप जैन और अभियंता जयदेव शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय निदेशक, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, पंचकूला निर्धारित किया गया है।
खेल स्टेडियम और कॉलोनियों के टेंडरों में मिलीं खामियां
सूत्रों के अनुसार, असंध में करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित खेल स्टेडियम के टेंडर में कई खामियां सामने आईं। इसके अलावा दशमेश कॉलोनी और शांति कॉलोनी में करीब 7 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के टेंडर जारी होने के बावजूद काम में कोई ठोस प्रगति नहीं मिली। इन्हीं मामलों को लेकर सरकार ने जांच के बाद कार्रवाई की।
CM के X हैंडल तक पहुंची शिकायत
स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों में देरी और कथित अनियमितताओं की शिकायत मुख्यमंत्री के X (पूर्व ट्विटर) हैंडल सहित अन्य माध्यमों से की थी। शिकायतों के आधार पर जांच कराई गई, जिसके बाद सरकार ने दोनों अधिकारियों को निलंबित करने का निर्णय लिया।
निर्वाह भत्ता मिलेगा, लेकिन रोजगार पर रहेगी रोक
सरकार के जारी आदेश के अनुसार, निलंबन की पहली छह माह की अवधि तक दोनों अधिकारियों को अवकाश वेतन और महंगाई भत्ते के बराबर निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। यदि निलंबन छह महीने से अधिक चलता है तो भत्ते की दर की समीक्षा की जाएगी। यह भुगतान इस शर्त पर होगा कि दोनों अधिकारी किसी अन्य रोजगार या व्यवसाय में शामिल नहीं होंगे।
बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे
निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय पंचकूला रहेगा। सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। उनका निर्वाह भत्ता असंध नगर समिति कार्यालय, जिला करनाल से जारी किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने लगाए थे गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप था कि नगरपालिका सचिव प्रदीप जैन और अभियंता जयदेव शर्मा विकास कार्य समय पर नहीं करा रहे थे और आम लोगों के साथ उनका व्यवहार भी संतोषजनक नहीं था। इससे पहले नगरपालिका के जेई उमेश शर्मा का भी तबादला किया जा चुका है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सरकार ने यह सख्त कार्रवाई की है।
Akhil Mahajan