जयराम ठाकुर बोले- इस बार खत्म करेंगे कांग्रेस का बीज
हिमाचल में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए पार्टी का बीज खत्म करने की बात कही और सुक्खू सरकार पर कर्ज व योजनाओं को लेकर आरोप लगाए।
■ जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर बड़ा हमला, ‘बीज खत्म’ करने का बयान
■ सुक्खू सरकार पर कर्ज और योजनाओं में गड़बड़ी के आरोप
■ भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस को हटाने की अपील
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का ‘बीज ही समाप्त’ कर दिया जाएगा, ताकि भविष्य में जनता को ऐसी जनविरोधी सरकार का सामना न करना पड़े।
मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के त्रयाम्बली बूथ पर आयोजित भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने यह बयान दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर काम करें, ताकि कांग्रेस को जड़ से उखाड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि मंडी में तो कांग्रेस का प्रभाव पहले ही खत्म हो चुका है, अब जो कमी रह गई है, उसे इस बार पूरा कर लिया जाएगा।
जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र से आने वाले फंड का सही उपयोग नहीं हो रहा, बल्कि उसे अन्य खर्चों में लगाया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की वित्तीय स्थिति को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। ठाकुर ने दावा किया कि मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यकाल में प्रदेश पर कर्ज का बोझ तेजी से बढ़ा है। उनके मुताबिक, वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल में करीब 16.50 प्रतिशत ऋण लिया, जिससे राज्य का कुल कर्ज बढ़कर 1.10 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जबकि उनके कार्यकाल के अंत में यह आंकड़ा 70 हजार करोड़ रुपए से कम था।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व सरकारों में जहां चेयरमैन का वेतन सीमित था, वहीं वर्तमान सरकार में इसे काफी बढ़ा दिया गया है। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा और प्रधानमंत्री पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने भाजपा का ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। इस मौके पर द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर समेत कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जयराम ठाकुर के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में टकराव और बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
shubham