हिसार DC ने महिला सरपंच को सस्पेंड किया, 8वीं की फर्ज़ी मार्कशीट का आरोप
हिसार के ढाणी पुरिया गांव की सरपंच भतेरी देवी को आठवीं की फर्जी मार्कशीट लगाने पर सस्पेंड किया गया। जांच में वे स्कूल, सब्जेक्ट और क्लासमेट सहित किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे सकीं।
-
हिसार डीसी ने महिला सरपंच भतेरी देवी को फर्जी मार्कशीट लगाने पर सस्पेंड किया
-
जांच में सरपंच 8वीं क्लास से जुड़े एक भी सवाल का जवाब नहीं दे पाई
-
दो बार तलब करने पर भी बीमारी का बहाना बनाकर पेश नहीं हुईं
हरियाणा के हिसार में ढाणी पुरिया गांव की सरपंच भतेरी देवी (60) को आठवीं क्लास की फर्जी मार्कशीट लगाने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। डिप्टी कमिश्नर अनीश यादव ने सोमवार को हरियाणा पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 175 और 51 के तहत कार्रवाई करते हुए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया।
यह मामला करीब पांच महीने पहले उस समय सामने आया था जब गांव के ही एक व्यक्ति ने सरपंच के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में दावा किया गया कि सरपंच ने चुनाव के दौरान आठवीं कक्षा की फेक मार्कशीट लगाई है। शिकायत को गंभीर मानते हुए डीसी ने यह मामला BDPO हांसी-1 और जिला शिक्षा अधिकारी हिसार को जांच के लिए भेजा।
जांच के दौरान अधिकारियों ने सरपंच को दो बार बुलाया, लेकिन वे एक बार ही पेश हुईं। पेशी के दौरान अधिकारियों ने उनसे पढ़ाई से जुड़े कई बुनियादी सवाल पूछे—जैसे 8वीं किस स्कूल से पास की, किस साल पढ़ाई पूरी की, क्लासमेट कौन थे, कौन-कौन से सब्जेक्ट पढ़ाए जाते थे और उस समय बोर्ड परीक्षा होती थी या स्कूल परीक्षा। लेकिन सरपंच इनमें से एक भी सवाल का जवाब नहीं दे सकीं।
जांच अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा कि सरपंच अपने ही शैक्षणिक रिकॉर्ड के बारे में जानकारी देने में पूरी तरह असफल रहीं। इसके बाद डीसी ने निलंबन लागू करते हुए आदेश जारी कर दिया।
गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों में भी इस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर ही तय होगी।
Author1