रेस्टोरेंट रिव्यू के नाम पर साइबर ठगी, वायुसेना अफसर से लाखों का फ्राड
हिसार के अग्रोहा निवासी वायुसेना अधिकारी प्रदीप नैन ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने टेलीग्राम पर रेस्टोरेंट रिव्यू टास्क का झांसा देकर उनके खाते से 2.70 लाख रुपये उड़ा लिए। साइबर थाना हिसार में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
• वायुसेना अधिकारी प्रदीप नैन के खाते से 2.70 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी
• टेलीग्राम पर रेस्टोरेंट रिव्यू टास्क का झांसा देकर ठगों ने फंसाया
• साइबर थाना हिसार में बीएनएस की धारा 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज
हरियाणा के हिसार में भारतीय वायुसेना में कार्यरत अधिकारी प्रदीप नैन ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें टेलीग्राम पर रेस्टोरेंट रिव्यू करने का झांसा देकर उनके खाते से 2.70 लाख रुपए निकाल लिए। शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रदीप नैन ने पुलिस को बताया कि वे दो महीने के अर्जित अवकाश पर हैं और इस दौरान अपने मोबाइल पर टेलीग्राम इस्तेमाल करते हैं। कुछ दिन पहले उन्हें टेलीग्राम पर “रश्मिका शर्मा” नाम की आईडी से मैसेज मिला। उस आईडी से रेस्टोरेंट रिव्यू टास्क पूरे करने पर 50 रुपए प्रति टास्क देने का वादा किया गया। लालच में आकर उन्होंने हामी भर दी और इसके बाद रश्मिका ने उनकी आईडी जनरेट कर दी।
पहले पांच टास्क पूरे करने के बाद उन्हें थोड़ा लाभ हुआ। फिर रश्मिका शर्मा ने उन्हें महेश थापा नाम के व्यक्ति से चैट करने को कहा, जो उसी गिरोह का हिस्सा था। इसके बाद प्रदीप ने महेश के बताए अनुसार कई टास्क किए और धीरे-धीरे अपने बैंक खाते से रकम लगाते चले गए। पहले तो उन्हें 1000 रुपये पर 1300 रुपये और 3000 रुपये पर 4100 रुपये मिले, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया।
इसके बाद ठगों ने उन्हें बड़े टास्क ऑफर किए। प्रदीप ने अलग-अलग यूपीआई आईडी पर कुल 2,82,282 रुपये जमा करा दिए। जब उन्होंने खाते में दिख रही रकम 3,33,782 रुपये ट्रांसफर करने की कोशिश की, तो पैसे नहीं आए। उन्होंने जब महेश थापा और सर्विस क्लाइंट से बात की, तो झूठा भरोसा दिलाया गया कि “दो दिन में पैसे आ जाएंगे।” जब पैसे नहीं मिले तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत साइबर थाना हिसार में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड का लग रहा है, जिसमें आरोपी लोगों को छोटे-छोटे लाभ का लालच देकर फंसाते हैं और फिर बड़ी रकम हड़प लेते हैं। पुलिस ने मामले में ट्रांजैक्शन की डिटेल्स, यूपीआई आईडी और चैट रिकॉर्डिंग जब्त कर ली हैं।
Author1