तापमान में उछाल, राहत की बारिश के इस दिन आसार

हरियाणा में 4 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। 9 शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज हुआ है। 4 मार्च की रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

तापमान में उछाल, राहत की बारिश के इस दिन आसार

चार मार्च तक प्रदेश में शुष्क मौसम का पूर्वानुमान
9 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज
4 मार्च की रात से पश्चिमी विक्षोभ का असर, हल्की बूंदाबांदी संभव


हरियाणा में मार्च की शुरुआत तेज होती गर्मी के साथ हुई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 4 मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 4 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसके प्रभाव से हरियाणा में बादलवाही बढ़ेगी और खासकर उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। फिलहाल किसी बड़े वर्षा तंत्र की आशंका नहीं है, लेकिन मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव जरूर देखने को मिल सकता है।

प्रदेश में मार्च माह के पहले ही दिन 9 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। दिन के समय तापमान 28.0°C से 32.7°C के बीच बना हुआ है, जबकि अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। रात्रि का तापमान 11.0°C से 16.0°C के बीच रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से अधिक है। इससे साफ है कि मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है।

मौसम विभाग के अनुसार पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वर्तमान में प्रदेशभर में मौसम शुष्क है और दिन-रात दोनों समय तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। नारनौल सहित कई इलाकों में हल्के बादल जरूर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वर्षा की स्थिति अभी नहीं बनी है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में बादलवाही बढ़ेगी, जिससे हल्की राहत मिल सकती है। हालांकि किसानों और आम नागरिकों को अभी तेज धूप और बढ़ते तापमान के लिए तैयार रहना होगा।