हरियाणा में टैंकर पलटा, आग के खतरे के बीच बाल्टी लेकर डीजल चुराने दौड़े लोग

गुरुग्राम के पास UER-2 हाईवे पर डीजल टैंकर पलटने से सैकड़ों लीटर तेल सड़क पर बह गया। आग के खतरे के बीच लोग बाल्टी और केन लेकर डीजल भरते नजर आए।

हरियाणा में टैंकर पलटा, आग के खतरे के बीच बाल्टी लेकर डीजल चुराने दौड़े लोग

गुरुग्राम से सटे UER-2 हाईवे पर डीजल टैंकर पलटा

सड़क पर फैला सैकड़ों लीटर डीजल, आग के खतरे से मची अफरा-तफरी

बाल्टी, केन और बोतलें लेकर डीजल भरने दौड़े लोग, वीडियो वायरल

गुरुग्राम से सटे अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। छावला फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार डीजल टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा सैकड़ों लीटर डीजल सड़क और फ्लाईओवर के नीचे बहने लगा।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। सड़क पर बड़ी मात्रा में फैले ज्वलनशील डीजल के कारण किसी भी वाहन से निकलने वाली चिंगारी बड़े विस्फोट या भीषण आग का कारण बन सकती थी। इस खतरे को देखते हुए वाहन चालक बेहद सावधानी के साथ मौके से गुजरते दिखाई दिए।

जानकारी के अनुसार डीजल से भरा टैंकर UER-2 हाईवे से गुजर रहा था, तभी छावला फ्लाईओवर पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी।

सूचना के बाद पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने मुख्य कैरिज वे से वाहनों को हटाकर सर्विस लेन की ओर डायवर्ट कर दिया, ताकि किसी बड़े हादसे की संभावना को रोका जा सके।

एक ओर जहां लोग आग लगने की आशंका से घबराए हुए थे, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने इसे मुफ्त का डीजल हासिल करने का मौका समझ लिया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग प्लास्टिक की बाल्टियां, केन, डिब्बे और बोतलें लेकर मौके पर पहुंच गए।

लोग अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना टैंकर के आसपास जमा हो गए और सड़क पर बह रहे डीजल को विभिन्न बर्तनों में भरने लगे। इस दौरान कई लोग संभावित खतरे को नजरअंदाज करते हुए डीजल इकट्ठा करने में जुटे रहे।

घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में लोग देर रात तक डीजल भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने कई लोगों को मौके से हटाया, लेकिन फ्लाईओवर के नीचे बह रहे डीजल को भरने का सिलसिला काफी देर तक जारी रहा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाया और दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। आग लगने की किसी भी संभावना को रोकने के लिए पूरे इलाके में सतर्कता बरती गई।

हाईवे पर लगे लंबे जाम को हटाने के लिए फ्लाईओवर का मुख्य हिस्सा बंद कर दिया गया और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। इससे कुछ समय बाद यातायात सामान्य हो सका।

इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाकर किनारे करवाया। सड़क पर फैले डीजल को साफ करने के लिए मिट्टी डलवाई गई, ताकि वाहन फिसलने जैसी घटनाएं न हों।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार टैंकर चालक को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर तेज रफ्तार इसकी वजह बनी।