निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरी, कई मजदूर दबे, एक की मौत, दो गंभीर
सुशांत लोक फेज-2 में निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से बड़ा हादसा, एक मजदूर की मौत, दो गंभीर, राहत कार्य जारी।
- गुरुग्राम में निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरी
- बेसमेंट की दीवार ढहने से कई मजदूर दबे
- एक की मौत, दो मजदूर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर-56 थाना क्षेत्र के अंतर्गत निर्माण कार्य के दौरान बेसमेंट की दीवार अचानक गिर गई, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने का प्रयास किया गया।
सिविल डिफेंस के अधिकारी मोहित शर्मा के अनुसार अब तक एक मजदूर की मौत हो चुकी है, जबकि दो मजदूरों को जीवित बाहर निकाल लिया गया है। तीनों मजदूरों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दबे हुए मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बचाए गए दोनों मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अभी भी मौके पर सर्च अभियान जारी है और मलबे को हटाकर अन्य मजदूरों की तलाश की जा रही है।
Akhil Mahajan