प्रॉपर्टी डीलर को बंधक बनाकर करीब ₹1 करोड़ की लूट, दीवार तोड़कर घर में घुसे 5 हथियारबंद बदमाश
फरीदाबाद में पांच हथियारबंद बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को बंधक बनाकर करीब एक करोड़ रुपये लूट लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच कर रही है।
➤ दीवार तोड़कर घर में घुसे पांच हथियारबंद बदमाश
➤ प्रॉपर्टी डीलर को चारपाई से बांधकर तानी बंदूक
➤ जमीन की शनिवार को होने वाली रजिस्ट्री के लिए रखे थे रुपए
हरियाणा के फरीदाबाद में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर में घुसकर पांच हथियारबंद बदमाशों ने करीब एक करोड़ रुपये की नकदी लूट ली। वारदात के समय प्रॉपर्टी डीलर घर में अकेला था और सो रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने घर की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और प्रॉपर्टी डीलर पर बंदूक तान दी। इसके बाद उसे चारपाई पर ही रस्सियों से बांध दिया गया। बदमाशों ने घर में रखी बड़ी रकम अपने कब्जे में ली और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
बताया गया कि जिस समय बदमाश घर में दाखिल हुए, उस वक्त प्रॉपर्टी डीलर को उनके आने की भनक तक नहीं लगी। बदमाशों ने पहले दीवार तोड़कर घर में रास्ता बनाया और अंदर पहुंचते ही उसे हथियार के बल पर काबू कर लिया। इसके बाद उसे चारपाई से बांध दिया गया, ताकि वह किसी तरह का विरोध न कर सके। बदमाशों के जाने के बाद प्रॉपर्टी डीलर ने किसी तरह खुद को बंधन से मुक्त कराया।
बंधन से मुक्त होने के बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद आसपास के इलाके में भी पुलिस की जांच जारी है।
पीड़ित के अनुसार, उसने एक जमीन की डील की थी और उसकी शनिवार को रजिस्ट्री होनी थी। इसी रजिस्ट्री के लिए करीब एक करोड़ रुपये की रकम घर में रखी गई थी। बदमाशों को इस रकम के घर में रखे होने की जानकारी कैसे मिली और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस मकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan