पार्किंग में टॉर्च की रोशनी में डिलीवरी के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने NHM कर्मी को किया बर्खास्त
फरीदाबाद सरकारी अस्पताल की पार्किंग में टॉर्च की रोशनी में डिलीवरी मामले में स्वास्थ्य विभाग ने NHM कर्मचारी सुखवीर को बर्खास्त कर दिया है।
➤फरीदाबाद अस्पताल में टॉर्च की रोशनी में डिलीवरी मामले में बड़ी कार्रवाई
➤NHM कर्मचारी सुखवीर को नौकरी से बर्खास्त किया गया
➤पहले ही स्टाफ नर्स राखी को किया जा चुका है सस्पेंड
हरियाणा के फरीदाबाद में सरकारी अस्पताल की पार्किंग में टॉर्च की रोशनी में महिला की डिलीवरी कराने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में NHM कर्मचारी और GDA सुखवीर को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन फरीदाबाद ने सुखवीर की बर्खास्तगी के आदेश जारी किए हैं। सुखवीर की तैनाती FRU-2 सेक्टर-3 में थी। यह कार्रवाई DHFW चेयरपर्सन और डिप्टी कमिश्नर की मंजूरी के बाद की गई है।
इस पूरे मामले ने कुछ दिन पहले प्रदेशभर में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। आरोप था कि अस्पताल में उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण महिला की डिलीवरी अस्पताल परिसर की पार्किंग में मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में करानी पड़ी। घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे थे।
मामले के सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में अस्पताल स्टाफ की लापरवाही सामने आने के बाद पहले स्टाफ नर्स राखी को सस्पेंड किया गया था। अब विभाग ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए GDA सुखवीर को सेवा से हटा दिया है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज और प्रसूता महिलाओं की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि जांच में और कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है तो आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
इस घटना के बाद सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और इमरजेंसी सेवाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने अस्पताल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
Akhil Mahajan