बृजेन्द्र सिंह के ससुर सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल का निधन, ‘सद्भाव यात्रा’ स्थगित
कांग्रेस नेता और हिसार के पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह के ससुर सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। DG NSG रह चुके स्याल ने नोएडा में अंतिम सांस ली। इसके चलते ‘सद्भाव यात्रा’ के आज के कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
• कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह के ससुर सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल का निधन
• 93 वर्ष की आयु में नोएडा आवास पर ली अंतिम सांस
• ‘सद्भाव यात्रा’ के आज के कार्यक्रम स्थगित, आगे की तारीख़ जल्द घोषित की जाएगी
हिसार (हरियाणा): कांग्रेस नेता और हिसार के पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह के ससुर सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल का निधन हो गया है। उन्होंने 93 वर्ष की आयु में नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
बृजेन्द्र सिंह ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज और “सद्भाव यात्रा” के सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ससुर के निधन की सूचना साझा की। उन्होंने लिखा कि,
“मेरे ससुर सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके आशीर्वाद से जो ऊर्जा मिली, वही हमारी आगे की यात्रा का संबल बनेगी। आज की ‘सद्भाव यात्रा’ के कार्यक्रम स्थगित किए जाते हैं। आगे की सूचना जल्द साझा की जाएगी।”
पूर्व सांसद के अनुसार, सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल मूलरूप से उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (प्रयागराज) के रहने वाले थे। वे 1958 बैच के अधिकारी थे और DG NSG (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
कांग्रेस नेता बृजेन्द्र सिंह की “सद्भाव यात्रा” हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने वाली 6 महीने लंबी यात्रा है। यात्रा का उद्देश्य जनसंवाद, सामाजिक सौहार्द और कांग्रेस संगठन को मजबूत करना बताया गया है।
6 अक्टूबर को यात्रा कलायत विधानसभा के कुराड़ गांव में रात्रि ठहराव पर थी। आज यानी 7 अक्टूबर को कुराड़ से कलायत शहर होते हुए चौशाला गांव तक यात्रा का कार्यक्रम था। कलायत शहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित थी, लेकिन ससुर के निधन की खबर के बाद सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।
सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल केवल आज के कार्यक्रम स्थगित किए गए हैं। यात्रा पुनः आगे की सूचना के अनुसार शुरू की जाएगी।
बता दें कि ‘सद्भाव यात्रा’ लगभग 3600 किलोमीटर लंबी होगी और इसके अंत में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, इस रैली का स्थान और समय अभी तय नहीं किया गया है।
Akhil Mahajan