चलती ट्रेन में आशुतोष महाराज पर हमला, नाक काटने की कोशिश रीवा एक्सप्रेस में सनसनी, धारदार हथियार से साधु पर जानलेवा वार
प्रयागराज जा रही रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमलावर ने उनकी नाक काटने की कोशिश की। जीआरपी ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ चलती ट्रेन में आशुतोष महाराज पर जानलेवा हमला
■ नाक काटने की कोशिश, चेहरे और हाथ पर कई वार
■ टॉयलेट में छिपकर बचाई जान, जीआरपी ने दर्ज की FIR
प्रयागराज की ओर जा रही रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर FIR कराने वाले आशुतोष महाराज (आशुतोष ब्रह्मचारी) पर चलती ट्रेन में जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर ने धारदार हथियार से उनकी नाक काटने की कोशिश की और चेहरे व हाथ पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बहा।
आशुतोष ब्रह्मचारी के अनुसार, वह गाजियाबाद से प्रयागराज जा रहे थे और रीवा एक्सप्रेस के फर्स्ट AC कोच में बैठे थे। जब ट्रेन सिराथू रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी सुबह करीब 5 बजे एक अज्ञात हमलावर अचानक उनके पास पहुंचा और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने सीधे चेहरे पर वार करते हुए उनकी नाक काटने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उनके हाथ और चेहरे पर कई वार कर दिए।
घटना के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी किसी तरह हमलावर से बचकर भागे और ट्रेन के टॉयलेट में जाकर खुद को अंदर से बंद कर लिया। वहीं से उन्होंने जीआरपी (Government Railway Police) को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद और अन्य लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि पहले भी उन्हें धमकियां मिल चुकी थीं। फिलहाल जीआरपी ने उनकी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि इस मामले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह पूरा मामला दिखावा और माहौल बनाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर आरोप लगाकर मीडिया का ध्यान आकर्षित करने और सुरक्षा पाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने इसे उनकी यात्रा से ध्यान भटकाने की साजिश बताया।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।
shubham