ब्राह्मणों को 'टेस्टिंग स्टिक' वाले विवादित बयान पर हरियाणा के मंत्री ने दी सफाई

हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल के वीडियो में ब्राह्मण समाज को टेस्टिंग स्टिक कहने पर विवाद, मंत्री ने सफाई दी और खेद प्रकट किया। कांग्रेस ने अपमान का आरोप लगाया।

ब्राह्मणों को 'टेस्टिंग स्टिक' वाले विवादित बयान पर हरियाणा के मंत्री ने दी सफाई

➤ विपुल गोयल का वीडियो विवादित, ब्राह्मण समाज को टेस्टिंग स्टिक कहने पर नाराजगी
➤ मंत्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी, कहा- बात को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया
➤ कांग्रेस ने अपमान का आरोप लगाया, ब्राह्मण समाज समय पर जवाब देगा

हरियाणा में कैबिनेट मंत्री और फरीदाबाद से बीजेपी विधायक विपुल गोयल के एक वीडियो ने राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा कर दिया है। वीडियो में वह ब्राह्मण समाज को मजाकिया अंदाज में “टेस्टिंग स्टिक” कहते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 19 सितंबर का बताया जा रहा है।

विवाद होने के बाद मंत्री विपुल गोयल ने वीडियो जारी कर सफाई दी।

वीडियो सामने आने के बाद ब्राह्मण समाज में नाराजगी दिखाई दी। 20 सितंबर को मंत्री विपुल गोयल ने दूसरा वीडियो जारी कर खेद प्रकट किया। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया है और वे ब्राह्मण समाज समेत सभी समाजों के लिए आदरणीय हैं। वीडियो में उनके साथ हरियाणा सरकार के खाद्य मंत्री राजेश नागर भी बैठे हैं, जो उनके मजाकिया अंदाज पर हंसते हुए दिख रहे हैं।

पूरा मामला इस प्रकार है कि 22 सितंबर को पंचकूला में राज्य स्तर पर अग्रसेन जयंती मनाई जानी है, जिसमें सीएम नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विपुल गोयल करेंगे और इसका उद्देश्य वैश्य समाज को पार्टी से जोड़ना है। इसी कार्यक्रम के न्योते के लिए 19 सितंबर को फरीदाबाद के सेक्टर 16 स्थित अपने ऑफिस में मंत्री ने प्रेसवार्ता बुलाई।

प्रेसवार्ता खत्म होने के बाद किसी रिपोर्टर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ब्राह्मण और बनिया सब एक जैसे हैं। इसके जवाब में विपुल गोयल ने कहा कि ब्राह्मणों को तो “भैया जिमाने (खाना खिलाना) को हम कुछ भी कर दें। अच्छा हो, बुरा हो, हमें तो पंडित जी ही जिमाने। कहते हैं ना टेस्टिंग स्टिक पहले इन्हें खिलाओ।” इसके बाद मंत्री समेत सभी लोग जोर से हंस पड़े।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया, उनका किसी को ठेस पहुँचाने का उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा उन्हें आशीर्वाद दिया है और अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो वे खेद प्रकट करते हैं।

इस मामले पर कांग्रेस ने बीजेपी और विपुल गोयल को घेरा। प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने कहा कि पूरे देश के ब्राह्मणों का अपमान हुआ है और ब्राह्मण समाज समय आने पर इसका जवाब देगा। उन्होंने कहा कि यह केवल फरीदाबाद के ब्राह्मण समाज का मामला नहीं है, बल्कि पूरे देश के ब्राह्मणों का अपमान है।

मंत्री द्वारा जारी सफाई वीडियो और कांग्रेस की प्रतिक्रिया के बीच यह मामला राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है।