सोनीपत में युवती पर पालतू कुत्ता छोड़ा, कई जगह नोचा

सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में एक युवती पर पड़ोसियों द्वारा पालतू कुत्ता छोड़कर हमला कराने का आरोप लगा है। घायल युवती को PGI रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोनीपत में युवती पर पालतू कुत्ता छोड़ा, कई जगह नोचा

■  सैर के दौरान पड़ोसियों पर कुत्ता छोड़ने का आरोप
■ घायल युवती PGI रोहतक रेफर, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज
■ गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप, पुलिस जांच में जुटी


सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में एक युवती पर जानबूझकर पालतू कुत्ता छोड़कर हमला कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने साजिश के तहत कुत्ते को खुला छोड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इतना ही नहीं, जब उसकी मां ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी तक दे डाली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव रिढाऊ निवासी नितिका ने चौकी इंचार्ज फरमाणा को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह घर से सैर के लिए निकली थी। जब वह गांव में सतीश के घर के सामने पहुंची तो वहां उसका भतीजा अमन पुत्र संजय ऑटो के पीछे खड़ा था और पास में उसका पिता संजय भी मौजूद था। आरोप है कि सतीश ने अमन को कुत्ता छोड़ने के लिए कहा, जिसके बाद अमन ने पालतू कुत्ते को खोल दिया। कुत्ते ने सीधे नितिका पर हमला कर दिया और वह जमीन पर गिर पड़ी। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं।

नितिका के अनुसार, उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां संतोष मौके पर पहुंची और किसी तरह उसे कुत्ते से छुड़वाया। आरोप है कि जब संतोष ने आरोपियों से कुत्ते को काबू में रखने को कहा तो तीनों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। सतीश ने कथित रूप से धमकी देते हुए कहा कि लड़की को यहां से ले जाओ, वरना तुम्हें भी नहीं छोड़ेंगे।

घटना के बाद परिजन घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने जरूरी इंजेक्शन और दवाइयां दीं, लेकिन हालत को देखते हुए उसे PGI रोहतक रेफर कर दिया गया। फिलहाल नितिका का उपचार वहीं जारी है।

चौकी फरमाणा में दी गई शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना खरखौदा में धारा 291 और 125 (ए) बीएनएस के तहत मुकदमा नंबर 113 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार ASI देवेंद्र ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़िता ने अमन, सतीश और संजय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।