युंगाडा आर्मी चीफ ने तुर्किये से सबसे खूबसूरत महिला मांगी: कहा- शादी करूंगा, नहीं मिली तो डिप्लोमेटिक रिश्ते तोड़ेंगे, तुर्किश एयरलाइनंस पर भी रोक लगा देंगे

युगांडा के सेना प्रमुख मुहूजी काइनेरुगाबा ने तुर्किए से 1 अरब डॉलर और शादी की अजीब मांग की है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद खड़ा हो गया है।

युंगाडा आर्मी चीफ ने तुर्किये से सबसे खूबसूरत महिला मांगी: कहा- शादी करूंगा, नहीं मिली तो डिप्लोमेटिक रिश्ते तोड़ेंगे, तुर्किश एयरलाइनंस पर भी रोक लगा देंगे

मुहूजी काइनेरुगाबा की अजीब मांग से मचा वैश्विक बवाल
तुर्किए से 1 अरब डॉलर और ‘सुंदर दुल्हन’ की डिमांड
30 दिन की चेतावनी, सोशल मीडिया पर बयान बना चर्चा का विषय


अफ्रीकी देश युगांडा के सेना प्रमुख मुहूजी काइनेरुगाबा के एक बयान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। उन्होंने तुर्किए के सामने 1 अरब डॉलर (करीब 9 हजार करोड़ रुपये) की मांग रखने के साथ-साथ एक बेहद अजीब शर्त रख दी—तुर्किए की “सबसे खूबसूरत लड़की” से शादी।

यह मामला सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और दुनियाभर में इस बयान की चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने इसे गैर-गंभीर और विवादित बयान बताया, जबकि कुछ इसे व्यंग्य या मजाक के तौर पर भी देख रहे हैं।

दरअसल, जनरल मुहूजी ने अपनी इस मांग के पीछे तर्क भी दिया है। उन्होंने कहा कि युगांडा पिछले करीब 20 वर्षों से सोमालिया में आतंकी संगठन अल-शबाब के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। इस दौरान युगांडा के कई सैनिकों ने अपनी जान गंवाई है और देश ने सुरक्षा के मोर्चे पर भारी कीमत चुकाई है।

जनरल का आरोप है कि इस दौरान तुर्किए ने सोमालिया में सड़क, बंदरगाह और एयरपोर्ट जैसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स बनाकर आर्थिक फायदा उठाया। उनका कहना है कि जहां युगांडा ने सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई, वहीं तुर्किए ने मुनाफा कमाया। इसी आधार पर उन्होंने 1 अरब डॉलर को “सिक्योरिटी शेयर” के रूप में देने की मांग रखी।

हालांकि, इस पूरे विवाद में सबसे ज्यादा चर्चा शादी वाली मांग को लेकर हो रही है। जनरल ने कहा कि वह तुर्किए की सबसे सुंदर लड़की से शादी करना चाहते हैं। इस बयान को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना भी हो रही है और इसे कूटनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया जा रहा है।

इतना ही नहीं, जनरल मुहूजी ने 30 दिन की चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो युगांडा में तुर्किए का दूतावास बंद किया जा सकता है और तुर्किए की फ्लाइट्स पर भी असर पड़ सकता है।

गौरतलब है कि मुहूजी काइनेरुगाबा न केवल सेना प्रमुख हैं, बल्कि वे युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे भी हैं। उन्हें देश का संभावित भविष्य का नेता माना जाता है। इससे पहले भी वे अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं।