SSC GD 2026 परीक्षा शेड्यूल जारी, 27 अप्रैल से शुरू होगी परीक्षा
SSC ने GD कांस्टेबल परीक्षा 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा 27 अप्रैल से शुरू होगी और अभ्यर्थी 15 अप्रैल तक अपनी परीक्षा सप्ताह और शहर चुन सकते हैं।
■ SSC GD 2026 का शेड्यूल जारी, 27 अप्रैल से परीक्षा शुरू
■ 11 से 15 अप्रैल तक एग्जाम वीक और शहर चुनने का मौका
■ चार चरणों में मई अंत तक चलेगी परीक्षा प्रक्रिया
कर्मचारी चयन आयोग यानी Staff Selection Commission (SSC) ने SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और अभ्यर्थी-हितैषी बनाने के लिए आयोग ने कई अहम बदलाव किए हैं, जिनमें ‘वीक प्रेफरेंस’ सिस्टम सबसे खास है।
आयोग के अनुसार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) और असम राइफल्स में राइफलमैन (GD) के पदों के लिए परीक्षा 27 अप्रैल 2026 से शुरू होकर मई के अंत तक देशभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा चार अलग-अलग चरणों में होगी, ताकि भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके।
इस बार उम्मीदवारों को एक बड़ी सुविधा दी गई है, जिसके तहत वे अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा सप्ताह (Exam Week) का चयन कर सकेंगे। इसके लिए 11 अप्रैल 2026 को दोपहर 3 बजे से प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 15 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। अभ्यर्थियों को SSC के आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी प्राथमिकताएं भरनी होंगी।
परीक्षा का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:
- पहला चरण: 27 अप्रैल से 2 मई 2026
- दूसरा चरण: 4 मई से 9 मई 2026
- तीसरा चरण: 18 मई से 23 मई 2026
- चौथा चरण: 25 मई से 30 मई 2026
आयोग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को सभी उपलब्ध परीक्षा सप्ताहों के लिए प्राथमिकता क्रम देना अनिवार्य होगा। इससे परीक्षा केंद्रों और तारीखों का आवंटन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।
SSC ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपनी परीक्षा वरीयताएं भरें और नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें। यह भर्ती लाखों युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है, इसलिए तैयारी के साथ-साथ सही समय पर प्रक्रिया पूरी करना बेहद जरूरी है।
shubham