सोनीपत स्कूल में चाकूबाजी, 9वीं का छात्र गंभीर रूप से घायल

सोनीपत के गढ़ी ब्राह्मण के स्कूल में 9वीं कक्षा के छात्रों का झगड़ा खूनखराबे में बदल गया। छात्र सौरभ ने सहपाठी अमन पर क्लासरूम में चाकू से हमला कर दिया। अमन गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

सोनीपत स्कूल में चाकूबाजी, 9वीं का छात्र गंभीर रूप से घायल

सोनीपत के स्कूल में 9वीं के छात्रों का झगड़ा खूनखराबे में बदला
सहपाठी अमन को क्लास में ही चाकू मारकर किया घायल
इलाज के लिए गंभीर हालत में पहुंचाया गया खानपुर मेडिकल कॉलेज


सोनीपत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गढ़ी ब्राह्मण स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्रों के बीच हुआ झगड़ा खूनखराबे में बदल गया। जानकारी के अनुसार, क्लासरूम में किसी बात को लेकर छात्रों सौरभ और आशीष के बीच कहासुनी हो गई।

इस दौरान झगड़े को शांत कराने के लिए छात्र अमन और राहुल बीच में आए। तभी सौरभ ने गुस्से में आकर अमन पर हमला कर दिया और उसके पेट में चाकू मार दिया। बताया जा रहा है कि अमन पर कई जगह वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

घायल अमन को तुरंत गंभीर हालत में खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, छात्र के शरीर पर कई जगह गहरे घाव हैं और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद स्कूल और इलाके में हड़कंप मच गया। अमन के परिजनों का आरोप है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद पुलिस सही ढंग से कार्रवाई नहीं कर रही। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

इस घटना ने स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर छात्र चाकू जैसी खतरनाक चीज लेकर क्लासरूम तक कैसे पहुंच गए? परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस घटना की सख्त जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।