"फैमिली ID-पेंशन के लिए लंबी लाइनें": "बुजुर्गों ने लगाए अव्यवस्था के आरोप

सोनीपत ADC कार्यालय में फैमिली आईडी और पेंशन कार्यों के लिए बुजुर्गों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने कर्मचारियों की देरी और तकनीकी खामियों पर सवाल उठाए।

"फैमिली ID-पेंशन के लिए लंबी लाइनें": "बुजुर्गों ने लगाए अव्यवस्था के आरोप

ADC कार्यालय में फैमिली आईडी और पेंशन कार्यों के लिए बुजुर्गों की लंबी कतारें

सुबह से लाइन में लगने के बावजूद कई लोगों का नहीं हो पा रहा काम

गांव और वार्ड स्तर पर विशेष कैंप लगाने की उठी मांग

सोनीपत में फैमिली आईडी और पेंशन संबंधी कार्यों के लिए जिला अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) कार्यालय में इन दिनों बुजुर्गों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। कई दिनों से कार्यालय के चक्कर काट रहे लोगों का आरोप है कि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा, जिसके कारण उन्हें बार-बार परेशान होना पड़ रहा है।

बुजुर्गों का कहना है कि कार्यालय का निर्धारित समय सुबह 9 बजे है, लेकिन कर्मचारी अक्सर 9:30 बजे या उससे भी देर से पहुंचते हैं। वहीं, लोग सुबह 6 से 7 बजे के बीच ही लाइन में लग जाते हैं ताकि उनका काम जल्दी हो सके। इसके बावजूद पूरे दिन इंतजार करने के बाद भी अधिकांश लोगों को बिना काम के वापस लौटना पड़ता है।

फैमिली आईडी में त्रुटियां सुधारने और पेंशन बनवाने के लिए पहुंचे बुजुर्गों ने बताया कि एक ही काम के लिए उन्हें कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहने से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार संबंधित पोर्टल और वेबसाइट तकनीकी कारणों से सही तरीके से काम नहीं करते, जिससे कार्य प्रभावित होता है। इसके अलावा कार्यालय में मौजूद सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं हैं। गर्मी से राहत देने के लिए लगाए गए पंखे कई बार बंद रहते हैं, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

पीड़ित लोगों का कहना है कि सरकार और प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि फैमिली आईडी और पेंशन से जुड़े कार्यों के लिए गांवों और वार्डों में विशेष कैंप लगाए जाएं, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें अपने क्षेत्र में ही सुविधाओं का लाभ मिल सके।