रिक्शा चालक की ईमानदारी ने जीते सबके दिल,सोने की अंगूठी, चांदी का सामान और 17 हजार रुपए मालिक को लौटाए गए
समालखा में एक मैट्रो रिक्शा चालक ने गिरे हुए सोने, चांदी और नगद मालिक को लौटाकर समाज में ईमानदारी की मिसाल पेश की।
➤ समालखा में मेट्रो रिक्शा चालक ने गिरे हुए सामान को पुलिस के माध्यम से मालिक तक पहुँचाया
➤ सोने की अंगूठी, चांदी का सामान और 17 हजार रुपए मालिक को लौटाए गए
➤ रमेश कुमार की ईमानदारी ने समाज में मिसाल कायम की
समालखा, अशोक शर्मा
कलयुगी दुनिया में भी ईमानदारी अभी जिंदा है। आज के समय में कुछ लोग केवल पैसे के लिए अपने ही भाई या पड़ोसी के दुश्मन बन जाते हैं। लेकिन समालखा के एक मैट्रो रिक्शा चालक ने जो ईमानदारी का उदाहरण पेश किया, उसने पूरे समाज को एक संदेश दिया कि अभी भी कुछ लोग सच्चाई और ईमानदारी के लिए जिंदा हैं।
समालखा वार्ड नंबर 5 के सीताराम कॉलोनी निवासी रमेश कुमार, जो पुराने बस अड्डे के नजदीक GT रोड पर अपना रिक्शा चला रहे थे, रास्ते में दो थैले गिरे हुए पाए। जब उन्होंने घर आकर थैले खोले, तो उसमें सोने की अंगूठी, चांदी का सामान, 17 हजार रुपए और एक आईडी कार्ड मिला।
रमेश कुमार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को दी। चौकी इंचार्ज ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 2 भापरा निवासी राजवंती बाल्मीकि मोहल्ला को ढूंढ निकाला और उन्हें सारा सामान रमेश कुमार से वापस दिलवाया।
इस अवसर पर राजवंती और उनके परिवार ने चौकी इंचार्ज अनिल कुमार और रमेश कुमार का धन्यवाद किया। रमेश कुमार की ईमानदारी की जमकर तारीफ की गई और उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज में मिसाल बनकर रहते हैं।
Akhil Mahajan