हरियाणा में दुकानदार को मारी गोलियां:गले और मुंह पर लगी
रोहतक में गोहाना रोड पर दुकानदार प्रवीन पर फायरिंग की गई। गले और चेहरे पर गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल है और पीजीआई में भर्ती है।
■ रोहतक में दिनदहाड़े दुकानदार पर फायरिंग
■ गले और चेहरे पर लगी 2 गोलियां, हालत गंभीर
■ 3-4 राउंड फायर कर आरोपी फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस
हरियाणा के रोहतक में दिनदहाड़े एक दुकानदार पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गोहाना रोड स्थित दुकान पर बैठे युवक पर अज्ञात हमलावर ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में घायल युवक की पहचान प्रवीन (पुत्र राज सिंह) निवासी प्रेम नगर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में PGIMS Rohtak के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, प्रवीन गोहाना रोड पर राजलक्ष्मी सीमेंट सरिया के नाम से दुकान चलाता है। वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था, तभी एक व्यक्ति पैदल वहां पहुंचा और अचानक उस पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने करीब 3 से 4 राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गया।
फायरिंग के दौरान प्रवीन को दो गोलियां लगीं, जो उसके गले और चेहरे पर लगी हैं। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे तुरंत पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान हो सके।
फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश और अन्य कारणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है।इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
shubham