बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के बाहर स्टूडेंट्स के बीच विवाद के बाद फायरिंग
रोहतक की बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रा से छेड़छाड़ के विवाद में युवक ने 5-6 हवाई फायर किए। घटना के बाद छात्रों में दहशत फैल गई।
■ बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के बाहर स्टूडेंट्स के बीच विवाद के बाद फायरिंग
■ महिला स्टूडेंट से छेड़छाड़ के आरोप के बाद भाई और आरोपी में झगड़ा
■ 5-6 हवाई फायर से यूनिवर्सिटी परिसर में मची दहशत
रोहतक की बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी के बाहर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग कर दी। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में दहशत का माहौल बन गया और छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, गांव कबूलपुर निवासी एक महिला स्टूडेंट के साथ मोंटी नामक युवक कथित तौर पर छेड़छाड़ कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर छात्रा ने अपने भाई कृष्ण डागर को मौके पर बुला लिया।
बताया जा रहा है कि कृष्ण डागर और मोंटी के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। इसी दौरान आरोपी युवक की तरफ से 5 से 6 हवाई फायर किए गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद छात्रों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद छात्रों से पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।
फायरिंग की घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन भी सतर्क हो गया। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच के लिए एक आंतरिक कमेटी गठित की गई है। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
आईएमटी थाना एसएचओ अश्वनी कुमार ने बताया कि यूनिवर्सिटी के बाहर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
pooja