हरियाणा में BJP नेता के भतीजे की ह*त्या, बचपन के दोस्त ने सिर में रॉड मारकर उतारा मौ*त के घाट
रेवाड़ी में BJP नेता के भतीजे जितेंद्र यादव की हत्या का CCTV सामने आया है। ब्लैक थार से उतरते ही दोस्त ने सिर पर रॉड से हमला किया।
BJP नेता के भतीजे जितेंद्र यादव की हत्या, बचपन के दोस्त पर आरोप
➤ ब्लैक थार से उतरकर टॉयलेट करने लगा, पीछे से रॉड से सिर पर किया हमला
➤ CCTV में पूरी वारदात कैद, आरोपी प्रवीन समेत तीन के खिलाफ केस
हरियाणा के रेवाड़ी में BJP नेता के भतीजे जितेंद्र यादव (40) की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सुनसान सड़क पर ब्लैक रंग की थार रुकती है। जितेंद्र गाड़ी से उतरकर कुछ दूरी पर टॉयलेट करने जाता है। इसी दौरान उसका बचपन का दोस्त प्रवीन और एक अन्य युवक थार से बाहर निकलते हैं। प्रवीन इधर-उधर देखकर मौका तलाशता है और फिर पीछे से जितेंद्र के सिर पर रॉड से जोरदार वार कर देता है।
रॉड लगते ही जितेंद्र औंधे मुंह जमीन पर गिर जाता है। इसके बाद भी हमलावर उस पर तीन बार और रॉड से प्रहार करता है। जब हमलावर वार करना बंद नहीं करता तो उसका साथी उसे खींचकर पीछे ले जाता है। इसके बाद चारों लोग थार में बैठकर फरार हो जाते हैं। गाड़ी में कुल चार लोग थे, जिनमें से दो की पहचान अभी सामने नहीं आई है।
मृतक की पहचान कमालपुर गांव निवासी जितेंद्र यादव के रूप में हुई है। उसके चाचा उत्तम सिंह BJP के मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। हत्या का आरोप जितेंद्र के बचपन के दोस्त प्रवीन ठेकेदार और उसके दो साथियों पर लगा है। दोस्तों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया गया, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।
सूचना मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी प्रवीन ठेकेदार को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
बाइक से डेयरी के लिए निकला था जितेंद्र
मृतक के चाचा और कमालपुर गांव निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष उत्तम सिंह ने बताया कि जितेंद्र खेती-बाड़ी संभालता था। सोमवार दोपहर बाद करीब 3 बजे वह बाइक से डेयरी के लिए निकला था। शाम को उसे गांव के बस अड्डे पर भी देखा गया था।
इसके बाद शाम को सरपंच ने उत्तम सिंह को फोन कर बताया कि जितेंद्र को किसी ने गोली मार दी है। सूचना मिलने के बाद जब वह मौके की तरफ पहुंचे, उससे पहले ही पुलिस वहां पहुंच चुकी थी। मौके पर जितेंद्र औंधे मुंह जमीन पर पड़ा था। उसके सिर पर चोट के गहरे निशान थे। बाद की जांच में CCTV फुटेज सामने आई तो वारदात की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई।
सुनसान जगह को बनाया हत्या का ठिकाना
पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो पता चला कि जिस जगह जितेंद्र की हत्या हुई, वह भाड़ावास रोड पर सुनसान इलाका है। यहां हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (HPCL) के प्लांट के पास काफी जमीन खाली पड़ी है। इसी सुनसान जगह को वारदात के लिए चुना गया।
जांच के दौरान पुलिस को दूर लगे एक CCTV कैमरे की फुटेज मिली। इसी फुटेज में जितेंद्र के साथ हुई पूरी घटना दिखाई दी। CCTV में हमला करने वाला युवक उसका बचपन का दोस्त प्रवीन दिखाई दिया। प्रवीन भी कमालपुर गांव का ही रहने वाला है।
बचपन की दोस्ती पर उठे सवाल, हत्या की वजह अभी रहस्य
जितेंद्र के चाचा उत्तम सिंह ने बताया कि परिवार यह सोच भी नहीं सकता था कि प्रवीन उसकी हत्या कर सकता है। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और वे एक-दूसरे को बचपन से जानते थे। जितेंद्र खेती-बाड़ी करता था, जबकि प्रवीन कंस्ट्रक्शन ठेकेदार है।
यही वजह है कि परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बचपन के दोस्त ने जितेंद्र की हत्या क्यों की। दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस भी हत्या के पीछे की वजह को लेकर खुलकर कुछ नहीं कह रही है और मामले की जांच जारी है।
CCTV में ऐसे सामने आई हत्या की पूरी कहानी
CCTV फुटेज में सोमवार शाम भाड़ावास रोड पर एक ब्लैक रंग की थार आती दिखाई देती है। थार पहले मुख्य रास्ते से हटकर एक संकरे रास्ते पर जाकर खड़ी होती है। करीब 2-3 मिनट बाद वहां से एक थ्री-व्हीलर भी गुजरता है।
इसके कुछ देर बाद जितेंद्र थार से बाहर निकलता है और कुछ दूरी पर जाकर टॉयलेट करने लगता है। इसी दौरान प्रवीन और एक अन्य युवक थार से बाहर आते हैं। प्रवीन आसपास नजर दौड़ाता है और देखता है कि कहीं कोई व्यक्ति वहां मौजूद तो नहीं है।
मौका देखकर प्रवीन जितेंद्र के पीछे पहुंचता है। वह दोनों हाथों से रॉड पकड़कर पूरी ताकत से उसके सिर पर वार करता है। फुटेज में दिखाई देता है कि वार में ताकत लगाने के लिए प्रवीन कूदता भी है। रॉड का वार लगते ही जितेंद्र औंधे मुंह जमीन पर गिर जाता है।
जितेंद्र के जमीन पर गिरने के बाद भी हमला नहीं रुकता। प्रवीन उस पर एक के बाद एक 3 बार और रॉड से वार करता है। इसके बाद उसका साथी उसे खींचकर पीछे की तरफ ले जाता है। फिर सभी आरोपी थार में बैठकर वहां से फरार हो जाते हैं। CCTV के मुताबिक गाड़ी में कुल चार लोग थे। इनमें से दो की पहचान अभी सामने नहीं आई है।
करीब 5 साल विदेश में रहा था जितेंद्र
परिवार के मुताबिक जितेंद्र यादव करीब 5 साल अलग-अलग देशों में रहा। करीब 3 साल पहले उसके पिता की मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद परिवार ने जितेंद्र को घर बुला लिया था और फिर उसे विदेश वापस नहीं लौटने दिया।
इसके बाद जितेंद्र खेती-बाड़ी करने लगा था। परिवार के मुताबिक उसके 18 साल का एक बेटा और 15 साल की बेटी है। वहीं आरोपी प्रवीन भी शादीशुदा है। उसके 21 साल का बेटा और 17-18 साल की बेटी है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ रही है। हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात में शामिल अन्य दो लोगों की पहचान सामने आना अभी बाकी है।
Akhil Mahajan