पानीपत में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष:चाकूबाजी में एक की मौत
पानीपत की विद्यानंद कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो भाई गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
पानीपत में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष
चाकूबाजी में एक युवक की मौत, दो भाई गंभीर घायल
ईद मनाकर घूमने निकले थे तीनों युवक
हरियाणा के पानीपत शहर की विद्यानंद कॉलोनी में गुरुवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला किया गया।
इस हिंसक झड़प में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके भाई मेहताब और सईद की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का आईसीयू में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक आपस में भाई लगते हैं और ईद मनाने के बाद रात को पैदल घूमने निकले थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के लोगों से उनका सामना हो गया।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।
हमले में जुनैद, मेहताब और सईद के छाती और पेट में गंभीर चोटें आईं। तीनों युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।
इलाके में तनाव को देखते हुए विद्यानंद कॉलोनी में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस घायलों और परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
pooja