हरियाणा में समझौते की बैठक में युवक की ह*त्या, जिम विवाद और पुरानी रंजिश बनी वजह

पंचकूला के एमडीसी क्षेत्र में पुरानी रंजिश खत्म करने के लिए बुलाई गई बैठक में जूस विक्रेता कपिल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। जिम में बॉडी शेमिंग और नौकरी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

हरियाणा में समझौते की बैठक में युवक की ह*त्या, जिम विवाद और पुरानी रंजिश बनी वजह

पंचकूला में समझौता बैठक खूनी संघर्ष में बदली
■ जूस विक्रेता कपिल की चाकू घोंपकर हत्या, एक युवक घायल
■ जिम में बॉडी शेमिंग और नौकरी विवाद से बढ़ी थी रंजिश

पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में पुरानी रंजिश खत्म करने के लिए बुलाई गई समझौता बैठक खूनी वारदात में बदल गई। एमडीसी क्षेत्र के सकेतड़ी रोड स्थित एक पार्क में जूस विक्रेता कपिल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी अभिषेक उर्फ टन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, एमडीसी सेक्टर-4 निवासी कपिल, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला था, जूस की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी कुछ युवकों के साथ लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को खत्म करने के लिए दोनों पक्ष गुरुवार रात पार्क में पहुंचे थे।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मौके पर करीब 20 से 25 युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद अचानक बढ़ गया और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कपिल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए।

गंभीर रूप से घायल कपिल किसी तरह पार्क से बाहर सड़क तक पहुंचा, लेकिन वहीं गिर पड़ा। इसी दौरान वहां से गुजर रही डायल-112 पुलिस टीम ने उसे सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अभिषेक का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कपिल और मुख्य आरोपी विवेक पहले एक ही मैकेनिक की दुकान पर काम करते थे। आरोप है कि कपिल ने विवेक को नौकरी से निकलवा दिया था। बाद में दोनों एक ही जिम में जाने लगे, जहां बॉडी शेमिंग को लेकर विवाद हुआ और दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ती चली गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से दो दिन पहले कपिल ने कथित तौर पर विवेक को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस का मानना है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते यह खूनी वारदात हुई।

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी विवेक अभी फरार है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।