करवा चौथ पर व्रत के साथ कैसे रखें सेहत का ख्याल, जानें
करवा चौथ पर पूरे दिन निर्जला व्रत रखते समय सेहत और गट हेल्थ का ख्याल रखना जरूरी है। जानिए एक्सपर्ट डॉ. विशाल खुराना से कि सही डाइट और सावधानियां अपनाकर कैसे दिनभर एनर्जी और पेट की सेहत को बनाए रखें।
➤ करवा चौथ पर सही डाइट और हाइड्रेशन जरूरी
➤गट हेल्थ के लिए प्रोबायोटिक फूड्स और हल्का भोजन फायदेमंद
➤डायबिटीज मरीज डॉक्टर की सलाह से करें व्रत या अपनाएं मोडिफाइड फास्टिंग
करवा चौथ का पर्व हर साल सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। पूरे दिन भूखे-प्यासे रहना शरीर पर असर डाल सकता है, इसलिए इस दौरान सेहत और गट हेल्थ (पाचन तंत्र) का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। इस बारे में हमने मेट्रो हॉस्पिटल, फरीदाबाद के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी डायरेक्टर डॉ. विशाल खुराना से बात की। उन्होंने बताया कि अगर सही खानपान और कुछ ज़रूरी टिप्स अपनाए जाएं, तो पूरे दिन एनर्जी बनी रह सकती है और पेट की सेहत भी दुरुस्त रहती है।
सरगी (व्रत से पहले) में क्या खाएं
-
पानी से भरपूर फल जैसे तरबूज, खीरा, नारियल पानी, छाछ और दही लें ताकि शरीर हाइड्रेट रहे और पाचन तंत्र एक्टिव बना रहे।
-
प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चीजें जैसे ओट्स, दलिया, दाल और सूखे मेवे खाएं, जिससे एनर्जी बनी रहे और भूख कम लगे।
-
तले-भुने, मसालेदार, बहुत मीठे फूड्स, कैफीन और जंक फूड से बचें। ये एसिडिटी, भारीपन और प्यास बढ़ा सकते हैं।
व्रत खोलते समय क्या खाएं
-
दिनभर व्रत रखने के बाद पहले नारियल पानी, छाछ या साधारण पानी छोटे-छोटे घूंट में पिएं।
-
खजूर या ताजे फल जैसे पपीता, सेब लें, ताकि पेट को धीरे-धीरे पोषण मिले।
-
इसके बाद दही-चावल, मूंग दाल खिचड़ी या रोटी-सब्जी जैसा हल्का भोजन करें।
-
तला-भुना, मसालेदार भोजन, कोल्ड ड्रिंक्स और मिठाइयों से परहेज करें।
गट हेल्थ के लिए खास टिप्स
-
प्रोबायोटिक डाइट जैसे छाछ, दही को सरगी और व्रत खोलते समय जरूर शामिल करें।
-
जीरा या काला नमक छाछ में डालें, इससे पाचन सुधरता है।
-
पूरे दिन शरीर को आराम दें और फिजिकल एक्टिविटी कम रखें।
डायबिटीज मरीज किन बातों का रखें ध्यान
-
डायबिटीज पेशेंट्स को करवा चौथ पर सावधानीपूर्वक व्रत रखना चाहिए।
-
सही खानपान, समय पर दवा और ब्लड शुगर मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है।
-
अगर अनकंट्रोल डायबिटीज, किडनी या हार्ट प्रॉब्लम्स हैं, तो सख्त व्रत से बचें और मोडिफाइड फास्टिंग अपनाएं।
-
व्रत से पहले और बाद में नारियल पानी या साधारण पानी जरूर पिएं।
-
ब्लड शुगर 70 से नीचे या 300 से ऊपर जाने पर तुरंत व्रत खोलें और डॉक्टर से संपर्क करें।
डॉ. खुराना के अनुसार, सही डाइट प्लानिंग, नियमित मॉनिटरिंग और डॉक्टर की सलाह से डायबिटीज पेशेंट भी करवा चौथ का व्रत सुरक्षित रख सकते हैं और साथ ही गट हेल्थ को भी बेहतर बनाए रख सकते हैं।
Akhil Mahajan