करनाल बस स्टैंड पर खड़ी बस में लगी भीषण आग, 3 बसें चपेट में एक बस जलकर राख
करनाल बस स्टैंड पर खड़ी हरियाणा रोडवेज की बस में लगी आग ने तीन बसों को अपनी चपेट में ले लिया। एक बस पूरी तरह जल गई, जबकि दमकल विभाग ने 4 गाड़ियों से आग पर काबू पाया।
■ करनाल बस स्टैंड पर खड़ी रोडवेज बस में लगी भीषण आग, 3 बसें चपेट में आईं
■ 1 बस पूरी तरह जलकर राख, 2 को समय रहते बचाया गया
■ 4 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका
हरियाणा के करनाल में शुक्रवार देर रात बस स्टैंड पर खड़ी हरियाणा रोडवेज की बस में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। करीब रात साढ़े 10 बजे शुरू हुई इस आगजनी में एक बस पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि पास खड़ी दो अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गईं। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे अन्य बसों को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।रोडवेज कर्मचारी राकेश शर्मा के अनुसार, रात करीब साढ़े 10 बजे स्टैंड पर खड़ी 2024 मॉडल बस (नंबर 45 जीवी 9460) से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग भड़क गई और लपटें तेजी से फैलने लगीं।देखते ही देखते आग ने पास खड़ी दो अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि कर्मचारियों और दमकल विभाग की तत्परता से उन बसों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन एक बस पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो गया है। बस स्टैंड पर 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी रहती है, इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना होना लापरवाही की ओर इशारा करता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर ध्यान दिया जाता, तो नुकसान और कम हो सकता था।रोडवेज सुपरवाइजर सुशील कुमार ने बताया कि वह ड्यूटी पर मौजूद थे, तभी एक कर्मचारी ने आकर सूचना दी कि बस में आग लग गई है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पास खड़ी अन्य गाड़ियों को हटवाने का प्रयास किया।उन्होंने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि एक बस पूरी तरह इसकी चपेट में आ गई, जबकि अन्य दो बसों को समय रहते बचा लिया गया। उन्होंने भी आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है।करनाल रोडवेज के बेड़े में फिलहाल करीब 120 बसें हैं, जबकि जरूरत 40 से ज्यादा अतिरिक्त बसों की बताई जा रही है। ऐसे में एक बस का पूरी तरह जल जाना परिवहन व्यवस्था के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
shubham 