कनीना में स्कॉर्पियो से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या, बेटे के झगड़े के बाद वारदात

महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कॉर्पियो से कुचलकर 62 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या। बेटे के साथ झगड़े के बाद युवकों ने डंडों से पीटा, फिर गाड़ी चढ़ाई। चार नामजद पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।

कनीना में स्कॉर्पियो से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या, बेटे के झगड़े के बाद वारदात

  • कनीना में स्कॉर्पियो से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या

  • बेटे के दोस्तों से विवाद के बाद हमला, डंडों से पीटने के बाद चढ़ाई गाड़ी

  • चार नामजद आरोपियों पर हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज


महेंद्रगढ़ जिला के कनीना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव नौतना में 62 वर्षीय बुजुर्ग सूबे सिंह की स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का कनीना अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

शिकायत के अनुसार, मृतक का भतीजा हैप्पी अपने दोस्तों कुलदीप और नवीन के साथ गांव की गली में खड़ा था। इसी दौरान गांव के ही युवक नीरज उर्फ जशु, अंकित, सतेन्द्र और विशाल उर्फ छोटू स्कॉर्पियो में वहां पहुंचे और बात-बात में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवकों ने पहले डंडों से हमला कर तीनों को घायल कर दिया। शोर सुनकर जोगेंद्र और उनका बड़ा भाई सूबे सिंह मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।

थोड़ी देर बाद आरोपी दोबारा स्कॉर्पियो लेकर आए। परिजनों के मुताबिक, कार को नीरज चला रहा था। उसने तेज रफ्तार में गाड़ी सीधे सूबे सिंह पर चढ़ा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना में घायल हैप्पी, कुलदीप और नवीन का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। परिजनों ने आरोपियों पर हत्या और धमकी की कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने नीरज, सतेन्द्र, विशाल उर्फ छोटू और अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।