हरियाणा की हाईटैक जेल से दो कैदी फरार, मचा हड़कंप, जेल प्रबंधन की नौकरी पर बनी

हाईटेक जेल से दो बंदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तीन टीमें बनाकर तलाश शुरू कर दी है।

हरियाणा की हाईटैक जेल से दो कैदी फरार, मचा हड़कंप, जेल प्रबंधन की नौकरी पर बनी

रेवाड़ी की हाईटेक जेल से 2 बंदी फरार, मचा हड़कंप
ऑनलाइन ठगी के आरोपी थे दोनों, यूपी के रहने वाले
पुलिस ने 3 टीमें बनाकर शुरू की तलाश


रेवाड़ी: हरियाणा की हाईटेक कही जाने वाली रेवाड़ी जेल से दो बंदियों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का पता चलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि दोनों बंदी ऑनलाइन ठगी के मामलों में आरोपी थे और उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मामले के अनुसार, जेल कर्मी मुस्ताक अहमद ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 मार्च को वह ड्यूटी पर तैनात थे। शाम के समय जब नियमित गिनती की गई तो दो बंदी कम पाए गए। जांच करने पर पता चला कि यूपी के रामपुरा निवासी 22 वर्षीय फैजान और इटावा निवासी 21 वर्षीय जाहिद जेल से फरार हो चुके हैं।

शिकायत के अनुसार, दोनों बंदियों को आखिरी बार दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल परिसर में अन्य बंदियों के साथ देखा गया था। इसके बाद वे अचानक गायब हो गए। जेल प्रशासन ने तुरंत आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और केस दर्ज कराया गया।

घटना के बाद जब जेल अधीक्षक सुरेंद्र दलाल से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने इस मामले पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। फोन कॉल काटने और प्रतिक्रिया न देने से पूरे मामले को लेकर और भी सवाल खड़े हो गए हैं।

जेल के बाहर पहुंची ईवीआर टीम।

गौरतलब है कि रेवाड़ी की यह जेल प्रदेश की हाईटेक जेलों में गिनी जाती है, जिसका उद्घाटन हाल ही में गांव फिदेड़ी में किया गया था। इस जेल में अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था होने का दावा किया गया था, लेकिन दिनदहाड़े दो बंदियों का फरार होना इन दावों की पोल खोलता नजर आ रहा है।

सदर थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। इनमें सदर थाना पुलिस के साथ-साथ सीआईए रेवाड़ी और धारूहेड़ा की टीमों को भी शामिल किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों आरोपी जेल से कैसे फरार हुए, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है यह घटना न केवल जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों की ओर भी इशारा करती है।