फतेहाबाद गुरुद्वारे में बेअदबी का प्रयास, युवक गिरफ्तार
फतेहाबाद के एमपी रोही गांव के गुरुद्वारा साहिब में एक युवक द्वारा बेअदबी का प्रयास किया गया। सेवादारों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
■ गुरुद्वारे में युवक की घुसपैठ, बेअदबी का आरोप
■ शराब की बोतल लेकर पहुंचा, स्वरूप उठाने की कोशिश
■ सेवादारों ने मौके पर पकड़ा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
फतेहाबाद जिले के गांव एमपी रोही स्थित गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक भावनाओं को आहत करने का गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार शाम करीब 7:50 बजे एक युवक गुरुद्वारे में शराब की बोतल लेकर घुस गया और वहां रखे श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। सेवादारों की सतर्कता के चलते आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान गांव एमपी रोही निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान गुरनाम सिंह ने बताया कि युवक जब गुरुद्वारा साहिब में प्रवेश कर रहा था, तब उसके हाथ में शराब की बोतल और गिलास था, जिससे उस पर संदेह हुआ।बताया जा रहा है कि अंदर पहुंचते ही आरोपी ने दरबार साहिब में रखे रुमाला साहिब के साथ छेड़छाड़ की और फिर सचखंड साहिब में जाकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को उठाने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसने बेअदबी का प्रयास किया, जिससे वहां मौजूद संगत में आक्रोश फैल गया।
मौके पर मौजूद सेवादारों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया। बीबी अवराज कौर और कृष्ण ने सबसे पहले उसे पकड़ा, जिसके बाद अन्य लोगों ने भी सहयोग किया। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।सदर थाना फतेहाबाद के प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि आरोपी नंगे सिर दरबार साहिब में प्रवेश किया था और उसके पास शराब की बोतल भी थी। आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी घटना का वीडियो गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसे पुलिस जांच में शामिल कर रही है। घटना के बाद सिख संगत में भारी रोष देखने को मिल रहा है और गुरुद्वारा प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की बात कही है।
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
आज कोई लाइव अपडेट्स उपलब्ध नहीं हैं।