बुजुर्ग-दंपती ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, 25 मिनट तक खड़ी रही उत्कल एक्सप्रेस

फरीदाबाद के न्यूटाउन रेलवे स्टेशन पर एक बुजुर्ग दंपती की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद कलिंग उत्कल एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही। पुलिस दोनों मृतकों की पहचान कराने में जुटी है।

बुजुर्ग-दंपती ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, 25 मिनट तक खड़ी रही उत्कल एक्सप्रेस

फरीदाबाद के न्यूटाउन रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग दंपती की मौत
कलिंग उत्कल एक्सप्रेस के सामने कूदने से हुई मौत, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
शव ट्रैक पर होने से ट्रेन करीब 25 मिनट तक मेन लाइन पर खड़ी रही



हरियाणा के फरीदाबाद जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। न्यूटाउन रेलवे स्टेशन पर एक बुजुर्ग दंपती की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उनकी पहचान कराने की कोशिश में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 5 बजे एक बुजुर्ग दंपती न्यूटाउन रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों कुछ देर तक प्लेटफार्म नंबर-1 पर टहलते हुए नजर आए। इसी दौरान शाम करीब 5 बजकर 5 मिनट पर ऋषिकेश से पुरी जा रही 18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म के पास पहुंची, उसी समय दोनों बुजुर्ग ट्रैक की ओर बढ़ गए। देखते ही देखते दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि स्टेशन पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

घटना के बाद स्टेशन पर मची अफरा-तफरी


इस घटना के बाद पूरे रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक को खाली कराकर जांच शुरू की। जांच अधिकारी धनीराम के अनुसार मृतक पुरुष की उम्र करीब 60 वर्ष के आसपास है। उसने लाल-सफेद रंग का लाइनदार कुर्ता और स्लेटी रंग की पैंट पहन रखी थी।

वहीं जांच अधिकारी रूक्मणी ने बताया कि मृतक महिला ने मैरून रंग का सलवार-सूट पहन रखा था और उसके पास सफेद रंग की चुन्नी मिली है। पुलिस आसपास के जिलों में भी सूचना भेजकर उनकी पहचान कराने की कोशिश कर रही है।

25 मिनट तक रुकी रही उत्कल एक्सप्रेस


आरपीएफ के जांच अधिकारी एएसई धर्मवीर के अनुसार ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण 18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक मेन लाइन पर खड़ी रही। बाद में जीआरपी की टीम ने ट्रैक से शव हटवाए, जिसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे ट्रेन को मथुरा की ओर रवाना किया गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों बुजुर्ग कौन थे और वे यहां तक कैसे पहुंचे।