बड़ा खुलासा… स्पेशल फोर्सेज वाले हथियार तस्करों के पास! पुलिस ने दस दबोचे, पाकिस्तान कनेक्शन ने बढ़ाई चिंता

दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार। स्पेशल फोर्सेज के हथियार समेत बड़ा जखीरा बरामद।

बड़ा खुलासा… स्पेशल फोर्सेज वाले हथियार तस्करों के पास! पुलिस ने दस दबोचे,  पाकिस्तान कनेक्शन ने बढ़ाई चिंता

दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़
स्पेशल फोर्सेज वाले हथियार समेत 10 आरोपी गिरफ्तार
पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े नेटवर्क के खुलासे


राजधानी में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 10 तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से विदेशी निर्मित अत्याधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। शुरुआती जांच में इस पूरे नेटवर्क के तार पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश तक जुड़े होने की पुष्टि हुई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता भी बढ़ गई है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 21 विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें सब-मशीन गन, ऑटोमैटिक पिस्टल, स्टोएगर, PX-5.7, PX-3, शैडो CZ, बेरेटा, टॉरस और वाल्थर पिस्तौल शामिल हैं, साथ ही करीब 200 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इनमें से PX-5.7 पिस्तौल की बरामदगी को बेहद गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि इस तरह के हथियार आमतौर पर स्पेशल फोर्सेज द्वारा इस्तेमाल किए जाते हैं।

जांच में सामने आया है कि यह पूरा मॉड्यूल पुरानी दिल्ली के वॉल सिटी इलाके से संचालित हो रहा था। तस्कर इन हथियारों को पाकिस्तान से भारत में लाते थे और फिर नेपाल बॉर्डर के रास्ते इन्हें देश में एंट्री दिलाई जाती थी। इसके बाद यह हथियार दिल्ली-एनसीआर समेत देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों को सप्लाई किए जाते थे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह नेटवर्क काफी संगठित और सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था। आरोपी लगातार लोकेशन बदलकर और गुप्त माध्यमों से संपर्क बनाए रखते थे, ताकि वे सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बच सकें। लेकिन खुफिया जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने सटीक कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को दबोच लिया।

इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और अब यह जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और देश के किन-किन हिस्सों में हथियारों की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। यह खुलासा न केवल राजधानी की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क देश के भीतर किस तरह अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रहे हैं।