एसपी आवास में घुसा कोबरा सांप, मची अफरातफरी

एसपी आवास में हड़कंप मच गया जब बिजली के स्विच के पास एक कोबरा सांप दिखाई दिया। गौ रक्षा दल ने 20 मिनट की मेहनत के बाद सांप को सुरक्षित काबू किया और जंगल में छोड़ दिया।

एसपी आवास में घुसा कोबरा सांप,  मची अफरातफरी

एसपी आवास में अचानक घुसा कोबरा सांप
गौ रक्षा दल की टीम ने 20 मिनट की मेहनत के बाद किया रेस्क्यू
बारिश के मौसम में सांपों के रिहायशी एरिया तक पहुँचने की संभावना अधिक


भिवानी के हांसी रोड स्थित एसपी आवास में मंगलवार रात एक खतरनाक कोबरा सांप घुस आया। इसकी भनक तब लगी जब एक कर्मचारी ने बिजली का स्विच ऑन करने की कोशिश की। सांप बिजली के स्विच बोर्ड के पास बैठा था, जिसे देखते ही कर्मचारी घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना गौ रक्षा दल को दी गई।

सूचना मिलते ही गौ रक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। टीम में गोलू शर्मा, कुकी परमार, विक्की बॉक्सर, विकास राणा समेत कई सदस्य शामिल थे। टीम ने लगभग 15 से 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद सांप पर काबू पाया। यह करीब ढाई फीट लंबा कोबरा था, जिसे सुरक्षित रूप से काबू करने के बाद जंगल में छोड़ दिया गया।

बिजली के तार व स्विच के बीच फंसा सांप

टीम के सदस्यों ने बताया कि इस दौरान सांप बिजली के तार और स्विच के बीच फंसा हुआ था, जिससे खतरा और बढ़ गया था। सावधानी और कौशल से उसे बाहर निकाला गया।

संजय परमार ने कहा कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर बाहर निकल आते हैं। पानी भर जाने के कारण उनके बिल डूब जाते हैं और वे रिहायशी इलाकों में पनाह खोजने पहुँच जाते हैं। ऐसे हालात में लोगों को चाहिए कि तुरंत किसी विशेषज्ञ या गौ रक्षा दल जैसी टीम को सूचना दें और खुद से छेड़छाड़ न करें।