रेहड़ी-फड़ी धारक से रिश्वत लेता हेडकांस्टेबल धरा, चंडीगढ़ में CBI की कार्रवाई
चंडीगढ़ में CBI ने सेक्टर-26 में हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया, अवैध वसूली के मामले में जांच जारी।
■ CBI की बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़ में रिश्वत लेते हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार
■ सेक्टर-26 में अवैध रेडी-फड़ी से वसूली का मामला उजागर
■ भ्रष्टाचार के आरोपों पर पुलिस विभाग फिर सवालों के घेरे में
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-26 थाना क्षेत्र में तैनात हेड कॉन्स्टेबल रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अवैध रूप से सड़क किनारे दुकानें लगाने वालों से की जा रही वसूली के मामले में की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले एक व्यक्ति से पैसे लेते हुए पकड़ा गया। सीबीआई को पहले ही शिकायत मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से दुकान लगाने वालों से पुलिसकर्मी नियमित रूप से पैसे वसूलते हैं। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी को सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी के पास उस समय पकड़ा गया, जब वह कथित तौर पर अवैध रेडी-फड़ी लगाने की एवज में रिश्वत ले रहा था। सीबीआई ने पहले शिकायत की प्राथमिक जांच की और फिर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया।
सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित वसूली नेटवर्क काम कर रहा है।
इस कार्रवाई के बाद चंडीगढ़ पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उच्च अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब चंडीगढ़ पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। इससे पहले भी कई मामलों में कार्रवाई हो चुकी है, जिससे विभाग की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल, सीबीआई की टीम जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Akhil Mahajan