भिवानी में कांग्रेस सेवादल का गैस सिलेंडर को माला पहनाकर प्रदर्शन गैस की किल्लत और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
भिवानी के छोटूराम चौक पर कांग्रेस सेवादल ने रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को फूल माला पहनाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
■ भिवानी के छोटूराम चौक पर गैस सिलेंडर को माला पहनाकर किया विरोध प्रदर्शन
■ कांग्रेस सेवादल ने गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा
■ महिलाओं सहित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सरकार की नीतियों को बताया फेल
गैस सिलेंडर को माला पहनाकर जताया विरोध
भिवानी में रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस सेवादल ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर के छोटूराम चौक पर गैस सिलेंडर को फूलों की माला पहनाकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देश में गैस की कमी और महंगाई के लिए केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।
सरकार की विदेश और आर्थिक नीति पर उठाए सवाल
कांग्रेस सेवादल के नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की विदेश नीति, कूटनीति और आर्थिक नीति पूरी तरह फेल साबित हुई है। उनके मुताबिक खाड़ी देशों में चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण देश में गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार इसे संभालने में नाकाम रही है।
नेताओं का कहना था कि सरकार ने रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम आदमी की जेब पर डाका डाल दिया, लेकिन इसके बावजूद लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा।
बुजुर्ग महिलाएं लाइन में खड़ी, फिर भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। कई जगह बुजुर्ग महिलाएं घंटों लाइन में खड़ी रहती हैं, लेकिन उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार यह दावा कर रही है कि देश में गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
‘सिलेंडर बॉम्ब’ का जनता देगी जवाब
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि वास्तव में गैस पर्याप्त होती तो अयोध्या और बनारस जैसे धार्मिक स्थलों पर रसोइयां बंद नहीं होतीं और होटलों को कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित नहीं होती।
उन्होंने इसे “मोदी सरकार का सिलेंडर बॉम्ब” बताते हुए कहा कि जनता इसका जवाब आने वाले समय में जरूर देगी।
कांग्रेस सरकार बनने पर मुफ्त सिलेंडर का वादा
कांग्रेस सेवादल के नेताओं ने कहा कि यदि भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनती है और ऐसी आपात स्थिति पैदा होती है, तो उस समय लोगों को राहत देने के लिए एक या दो गैस सिलेंडर मुफ्त देने की व्यवस्था की जाएगी।
फिलहाल गैस की किल्लत को लेकर सियासत तेज हो गई है और लोगों की नजर इस बात पर है कि सरकार इस समस्या का समाधान कब तक करती है।
shubham