सोनीपत में अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में धमाका, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

सोनीपत के गन्नौर स्थित अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में लेबर क्वार्टरों में सिलेंडर फटने से आग लग गई। दमकल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

सोनीपत में अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में धमाका, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

■ गन्नौर की अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में लेबर क्वार्टरों में आग
■ सिलेंडर फटने से भड़की लपटें, मजदूरों ने भागकर बचाई जान
■ फायर ब्रिगेड और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा


हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर स्थित अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंडी परिसर के भीतर बने लेबर क्वार्टरों में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई और आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का घना गुबार उठता देख मजदूरों और आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि क्वार्टरों की खिड़कियां-दरवाजे हिल गए और कुछ ही पलों में आग ने कमरों को घेर लिया। मजदूरों ने तुरंत शोर मचाकर अन्य लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि क्वार्टरों में रखा घरेलू सामान जलने की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने से उठा धुएं का गुबार।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया। यदि आग मंडी के मुख्य हिस्से तक पहुंचती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

घटना की सूचना पर थाना बड़ी की पुलिस टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के निर्देश दिए और हालात को नियंत्रण में लिया। प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।

दौड़कर मौके पर जाते लोग।

मंडी प्रबंधन के अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने प्रभावित मजदूरों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। समय पर राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने मंडी परिसर में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।