गुरुग्राम में नशे में ड्राइवर ने 6 लोगों को कुचला, मंडी में मचा हड़कंप होली की खरीदारी बनी हादसा, तेज रफ्तार कार से कई घायल
गुरुग्राम के ज्योति पार्क इलाके में नशे में धुत ड्राइवर ने होली की खरीदारी कर रहे लोगों पर कार चढ़ा दी। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं। आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
■ नशे में धुत ड्राइवर ने होली खरीदारी कर रहे लोगों पर चढ़ाई कार
■ सब्जी मंडी में मचा हड़कंप, 6 लोग घायल, 2 को गंभीर चोट
■ पब्लिक ने आरोपी को पकड़ा, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा
गुरुग्राम के मदनपुरी स्थित ज्योति पार्क इलाके में होली की खरीदारी उस समय मातम में बदल गई, जब एक नशे में धुत ड्राइवर ने तेज रफ्तार कार से राहगीरों को कुचल दिया। घटना बलदेव नगर के पास स्थित सब्जी मंडी में सोमवार रात करीब 8:45 बजे हुई, जहां लोग त्योहार की तैयारी में खरीदारी कर रहे थे। अचानक आई ब्रेजा कार ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक रितेश नशे की हालत में था और तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। टक्कर मारने के बाद वह मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने पहले उसकी धुनाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल लोग सड़क पर तड़पते रहे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। अधिकतर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि दो लोगों को गंभीर चोट लगने के कारण भर्ती रखा गया है।
घायल सुली, जो बिहार के गुलडिया का रहने वाला है और ज्योति पार्क में किराए पर रहता है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सदर बाजार की एक दुकान में काम करता है। सोमवार रात वह दुकान से पैदल घर लौट रहा था। जैसे ही वह मंडी के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसे गंभीर चोट आई है और उसे जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि डायल 112 पर फोन करने के बावजूद पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची, जबकि रिस्पांस टाइम 8 से 10 मिनट का बताया जाता है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
त्योहार के माहौल में हुई इस घटना ने लोगों में रोष भर दिया है। बाजार क्षेत्र में सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की मेडिकल जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
shubham