50 पुलिसकर्मियों के पहरे में पिता की तेहरवीं में पहुंचा गैंगस्टर: एक घंटे का ही मिला समय, पत्नी रोते हुए पीछे-पीछे दौड़ी
फतेहाबाद में हिमांशु गैंग के कुख्यात जसबीर को हथकड़ी में पिता की तेरहवीं में लाया गया। 50 पुलिसकर्मी तैनात, गांव वालों ने दूरी बनाई, पत्नी वैन के पीछे रोती दौड़ी।
-
गैंगस्टर जसबीर को पिता की तेरहवीं में हथकड़ी लगाकर गांव लाया गया
-
50–60 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात; किसी गांव वाले से मिलना बैन
-
पत्नी रोते हुए पुलिस वैन के पीछे दौड़ी, गांव ने किया सामाजिक बहिष्कार
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टिब्बी गांव में गुरुवार सुबह हथकड़ी में गैंगस्टर जसबीर उर्फ जैकी को उसके पिता की तेरहवीं में शामिल होने के लिए लाया गया। जसबीर कुख्यात हिमांशु गैंग का सक्रिय सदस्य है और प्रदेश में हत्या, मर्डर अटेम्प्ट, फायरिंग और वसूली जैसी वारदातों में वांछित रहा है। अदालत की मंजूरी के बाद पुलिस ने उसे सोनीपत जिला जेल से कड़ी सुरक्षा के मध्य गांव लाया।
गांव में प्रवेश से पहले ही 50-60 पुलिसकर्मियों ने चारों ओर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरे का निर्माण किया था। पुलिस ने गैंगस्टर से गांव के किसी भी शख्स को मिलने की अनुमति नहीं दी। सिर्फ उसकी मां, पत्नी और करीबी रिश्तेदार ही उससे मिल सके। बताया गया कि पिता के अंतिम संस्कार में मिलने की परमिशन नहीं मिल पाने के कारण परिवार लगातार आवेदन कर रहा था।
जैसे ही पुलिस ने एक घंटे बाद उसे वापस वैन में बैठाया तो उसकी पत्नी भावुक होकर वैन के पीछे दौड़ पड़ी। आंखों में आंसू लिए वह पति को जाते देख फफक-फफककर रोने लगी। इस दौरान उसका बच्चा भी वहीं मौजूद था। पुलिस वैन के दरवाजे तक पहुंचकर उसने पति को देखने की कोशिश की, पर सुरक्षाबलों ने तुरंत वैन को रवाना कर दिया।
गांव के लोगों के अनुसार जसबीर की अपराधिक गतिविधियों के चलते परिवार ने उसे पहले ही बेदखल कर दिया था। गांव में उसकी छवि को लेकर भारी विरोध रहता है। यही कारण है कि तेरहवीं कार्यक्रम में गांव के लोगों ने दूरी बनाई और केवल 10-15 करीबी रिश्तेदार ही शामिल हुए।
कौन है जसबीर उर्फ जैकी?
2017 में हिमांशु गैंग से जुड़ने के बाद जसबीर तेजी से क्राइम की दुनिया में सक्रिय हुआ। गुरुग्राम में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के दौरान वह अपराधियों के संपर्क में आया। फाइनेंसर की हत्या में आरोपी, रोहतक किलोई गांव में बारात पर फायरिंग का केस का भी आरोपी है। 2024 में मुठभेड़ में गोली लगने के बाद उसे गिरफ़्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि जसबीर पर कई संगीन मामले दर्ज हैं और आगे भी उससे कई वारदातों की पूछताछ चलती रहेगी। फिलहाल उसे सोनीपत जेल में कड़े बंदोबस्त के तहत रखा गया है।
Author1