अस्पताल के गेट पर दर्दनाक हादसा, बीमार पति का हाल जानने आई महिला को कार ने कुचला
यमुनानगर सिविल अस्पताल के गेट पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से उत्तर प्रदेश की 49 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह अपने बीमार पति का हाल जानने आई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
■ यमुनानगर के सिविल अस्पताल गेट पर हुआ हादसा
■ यूपी के सुल्तानपुर से आई 49 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत
■ टक्कर मारने के बाद कार चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
यमुनानगर। बीमार पति का हाल जानने उत्तर प्रदेश से आई एक महिला की उसी अस्पताल के गेट पर दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई, जहां उसका पति आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मृतका की पहचान राजकुमारी (49) पत्नी पंच नारायण, निवासी पूरे शिव दयाल पांडेय का पूर्वा, थाना कुड़वार, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह दो बच्चों की मां थी। उसका बेटा यमुनानगर के आजाद नगर में रहता है, जबकि बेटी सुल्तानपुर में ही थी।
टीबी से पीड़ित पति आईसीयू में भर्ती
परिजनों के अनुसार, राजकुमारी के पति पंच नारायण को टीबी की बीमारी है और उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। करीब एक सप्ताह पहले उन्हें इलाज के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया।
पति की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने पर राजकुमारी अपने भाई चंद्रभान के साथ शुक्रवार तड़के ट्रेन से यमुनानगर पहुंची। सुबह करीब साढ़े तीन बजे रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वे सीधे अस्पताल जाने निकले।
जिस अस्पताल में पति भर्ती, उसी गेट पर हादसा
राजकुमारी का बेटा प्रदीप बाइक पर उन्हें लेने स्टेशन पहुंचा। तीनों बाइक पर सवार होकर अस्पताल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सिविल अस्पताल के गेट की ओर मुड़े, अग्रसेन चौक की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक रुकने के बजाय महिला को कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पीजीआई में इलाज के दौरान तोड़ा दम
सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राजकुमारी की हालत गंभीर देखते हुए उसे PGIMER Chandigarh रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही रामपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
एक तरफ पति अस्पताल में भर्ती है और दूसरी तरफ पत्नी की मौत ने परिवार को दोहरी त्रासदी दे दी है। स्थानीय लोग अस्पताल के बाहर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं।
shubham