भ्रष्टाचार पर CM सैनी का बड़ा एक्शन, JE टर्मिनेट; ME-XEN को चार्जशीट
30 करोड़ के विकास कार्यों की शिकायत पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने JE को टर्मिनेट करने, ME-XEN को चार्जशीट और ठेकेदार पर मुकदमे के आदेश दिए।
➤ 26 कॉलोनियों के विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत पर JE को नौकरी से हटाने के आदेश
➤ ME और XEN पर चार्जशीट व टर्मिनेशन की कार्रवाई के निर्देश, ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज करने को कहा
➤ बीजेपी पार्षदों की शिकायत पर कार्रवाई, DMC की एक महीने की सैलरी काटने के भी आदेश
सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को सिरसा में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के दौरान नगर परिषद के विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया। शहर की 26 स्वीकृत कॉलोनियों में करीब 30 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से जुड़े टेंडरों में गड़बड़ी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं होने पर उन्होंने संबंधित JE को टर्मिनेट करने, ME और XEN को चार्जशीट जारी करने तथा उनके खिलाफ टर्मिनेशन की कार्रवाई के आदेश दिए। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ उसी दिन मुकदमा दर्ज करने और उसकी संपत्ति की जांच करवाने के निर्देश भी दिए। DMC की एक महीने की सैलरी काटने के आदेश दिए गए। यह शिकायत वार्ड नंबर 20 के पार्षद संजीव रातुसरिया, वार्ड नंबर 12 के बीजेपी पार्षद दीपक बंसल और वार्ड नंबर 26 के पार्षद राजेंद्र जांगड़ा ने उठाई थी। बैठक में जांच अधिकारी की रिपोर्ट और मौके पर हुए निर्माण कार्यों के बीच अंतर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जवाब मांगा।
26 कॉलोनियों के विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत
ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में बीजेपी पार्षदों ने सिरसा शहर की 26 स्वीकृत कॉलोनियों में विकास कार्यों को लेकर शिकायत रखी थी। इन कॉलोनियों में करीब 30 करोड़ रुपये के यूसीएंडसी टेंडर लगाए गए थे। पार्षदों ने आरोप लगाया था कि इन विकास कार्यों में अनियमितताएं हुई हैं और कागजों में जितना काम दिखाया गया है, मौके पर उतना निर्माण नहीं हुआ।
इस मामले में वार्ड नंबर 20 से पार्षद संजीव रातुसरिया, वार्ड नंबर 12 से दीपक बंसल और वार्ड नंबर 26 से राजेंद्र जांगड़ा ने शिकायत दी थी। शिकायत की जांच के लिए संबंधित XEN को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था।
रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में शिकायतकर्ताओं और जांच कर रहे अधिकारियों को आमने-सामने बुलाया, ताकि पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सके।
अधूरी गली की रिपोर्ट दिखाने पर XEN से नाराज हुए CM
बैठक के दौरान जांच अधिकारी XEN ने मुख्यमंत्री के सामने एक ऐसी गली की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसका निर्माण अधूरा बताया गया था। रिपोर्ट देखने के बाद मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और कहा कि उनके पास पूरी रिपोर्ट मौजूद है। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि जो गलियां नहीं बनी हैं, उनकी रिपोर्ट दिखाने के बजाय अधूरी गली की रिपोर्ट क्यों दिखाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जांच अधिकारी से सवाल किया कि उन्हें जांच के लिए नियुक्त किया गया था, फिर गलत रिपोर्ट क्यों प्रस्तुत की जा रही है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूछा कि इस मामले में रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी और किन अधिकारियों की थी। इसके बाद JE और ME समेत संबंधित अधिकारियों को भी बैठक में बुलाया गया।
MB में ज्यादा एंट्री, मौके पर कम मिला निर्माण कार्य
शिकायत में सबसे अहम मुद्दा MB यानी मेजरमेंट बुक में दर्ज निर्माण कार्यों और मौके पर वास्तविक स्थिति के बीच अंतर का था।
पार्षदों की शिकायत के मुताबिक, मेजरमेंट बुक में गलियों के निर्माण कार्य की एंट्री वास्तविक निर्माण से अधिक दर्ज की गई थी, जबकि मौके पर गलियों का निर्माण कम पाया गया।
इसी अंतर को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जवाब मांगा। जांच रिपोर्ट को लेकर असंतुष्टि जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
JE टर्मिनेट, ME-XEN को चार्जशीट और ठेकेदार पर FIR के आदेश
मामले की सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने DMC से भी सवाल किया कि उन्हें काम करना है या नहीं। इस पर DMC ने कहा कि उन पर किसी तरह का दबाव नहीं है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने DMC की एक महीने की सैलरी काटने के निर्देश दिए।
वहीं, संबंधित JE को टर्मिनेट करने और ME तथा XEN को चार्जशीट जारी करने के साथ उनके खिलाफ टर्मिनेशन की कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ उसी दिन मुकदमा दर्ज करने और उसकी प्रॉपर्टी की जांच करवाने के निर्देश भी दिए।
यह पूरी कार्रवाई बीजेपी पार्षदों की शिकायत और जांच रिपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद हुई।
मुख्यमंत्री के सिरसा पहुंचने से पहले विधायक को लिया था हिरासत में
रविवार को मुख्यमंत्री के सिरसा दौरे के दौरान एक ओर कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया अपने खून से मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखने को लेकर चर्चा में रहे, वहीं ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में नगर परिषद के अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए।
गोकुल सेतिया ने शहर की बदहाल सड़कों, पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर अपने खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। मुख्यमंत्री को पत्र सौंपने जाते समय पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में बीजेपी पार्षदों की शिकायत पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
पंजाब चुनाव को लेकर CM सैनी ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कालांवाली में मीडिया से बातचीत के दौरान पंजाब की राजनीति पर भी प्रतिक्रिया दी। पंजाब में बीजेपी की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं किए जाने के सवाल पर उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर टिप्पणी की।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब की आप सरकार ने अपने प्रत्याशियों की सूची इसलिए जारी की है, ताकि उसके उम्मीदवार कहीं पार्टी छोड़कर न चले जाएं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार ने लोगों को जो सपने दिखाए थे, वे पूरे नहीं हुए और उसके वादे केवल चुटकुलों तक सीमित रह गए। मुख्यमंत्री ने नशे की समस्या को लेकर भी पंजाब सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नशा रोकने के वादे के बावजूद वहां प्रभावी प्रयास नहीं हुए। कई युवा नशे की गिरफ्त में आ गए हैं और उनके परिवारों की शिकायतें भी दर्ज नहीं की जातीं।
सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी। उन्होंने हरियाणा और पंजाब की स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि दोनों राज्य पहले एक ही प्रदेश का हिस्सा थे, लेकिन उनके अनुसार राजनीतिक कारणों से पंजाब पिछड़ गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि सरकार की कमी है।
कालांवाली में मैराथन में CM ने भी लगाई दौड़
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार सुबह कालांवाली में नशामुक्त हरियाणा अभियान के तहत आयोजित यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने खुद भी 5 किलोमीटर लंबी दौड़ में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में युवाओं के साथ बच्चों और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के लिए 1 लाख 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था।
हरियाणवी कलाकार एमडी ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर युवाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने नशामुक्ति से जुड़े गानों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के साथ उनका मनोरंजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त हरियाणा बनाने का सामूहिक संकल्प है।
खेल शक्ति से बनेगा नशामुक्त हरियाणा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने हरियाणा की खेल उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान केवल दूध-दही और जवानों की धरती तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा देश को पदक दिलाने वाली बड़ी खेल शक्ति भी है।
उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि देश की मात्र 2 प्रतिशत आबादी वाले हरियाणा ने 2026 के एशियाई खेलों में भारत के कुल 85 पदकों में से 32 पदक जीते हैं। उनके अनुसार, यह उपलब्धि देश के कुल पदकों में लगभग हर तीसरे पदक के बराबर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशे से दूर रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। सरकार युवाओं के लिए खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।
सरकार ने बनाई संकल्प सोसाइटी, सात लक्ष्यों पर काम
मुख्यमंत्री ने प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार की ओर से चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि उनकी अध्यक्षता और पूर्व DGP ओ.पी. सिंह के CEO के रूप में नेतृत्व में संकल्प सोसाइटी का गठन किया गया है।
सरकार इस अभियान के तहत सात प्रमुख लक्ष्यों पर काम कर रही है।
इनमें ड्रग मुक्त थाना, तस्कर मुक्त जिला, नशे की गोलियों से मुक्त केमिस्ट शॉप, नशे के खिलाफ परिवारों का सहयोग, इलाज की सुविधा वाले अस्पताल, सुविधायुक्त स्कूल और युवाओं के लिए खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों के बेहतर विकल्प शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इन लक्ष्यों के जरिए नशे की समस्या से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन, परिवारों और सामाजिक संस्थाओं को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
94 करोड़ की संपत्ति जब्त, 180 अवैध संपत्तियां ध्वस्त
मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा देते हुए बताया कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशे के कारोबार से अर्जित करीब 94 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसके अलावा 180 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि पंचकूला में अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय भी स्थापित किया गया है, ताकि नशे के कारोबार के खिलाफ विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय बेहतर किया जा सके।
दो वर्षों में 1,58,823 नशा पीड़ितों को कराया नशामुक्त
नशे की लत से प्रभावित लोगों के इलाज और पुनर्वास को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 127 नशा मुक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
इन केंद्रों के माध्यम से पिछले दो वर्षों में 1,58,823 नशा पीड़ितों को नशे से मुक्त कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि प्रभावित लोगों का इलाज और उनका पुनर्वास भी जरूरी है।
हरियाणा उदय अभियान के तहत 2,484 जागरूकता कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने जन-जागरूकता गतिविधियों का उल्लेख करते हुए बताया कि हरियाणा उदय अभियान के तहत प्रदेश में 10 से अधिक मैराथन, 2 साइक्लोथॉन और 60 से अधिक राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
इसके अलावा कुल 2,484 जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें 18 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।
नशे की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
मुख्यमंत्री ने आम लोगों से नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस और संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाने की अपील की। इसके लिए हरियाणा एनसीबी का हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 और भारत सरकार के मानस (MANAS) हेल्पलाइन नंबर 1933 जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन नंबरों पर सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं और नागरिकों को आजीवन नशा नहीं करने और समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने की शपथ भी दिलाई गई।
ये लोग रहे मौजूद
कालांवाली में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और पद्मश्री सम्मानित सरदार सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर लेबर बोर्ड चेयरमैन रोहतास जांगड़ा, डबवाली की अध्यक्ष रेणु शर्मा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व चेयरमैन रविंद्र बलियाला, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह देसूजोधा, सिरसा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
Akhil Mahajan