मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख की ठगी, चार गिरफ्तार

सोनीपत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख की साइबर ठगी हुई। साइबर थाना पुलिस ने मोहाली कॉल सेंटर चलाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल, लैपटॉप और नकदी बरामद की।

मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख की ठगी, चार गिरफ्तार
  • मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख की ठगी
  • सोनीपत साइबर थाना पुलिस ने चार आरोपी गिरफ्तार किए
  • कॉल सेंटर के जरिए पिछले डेढ़ साल से कर रहे थे साइबर फ्रॉड


सोनीपत में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी दिलवाने का ऑफर देकर एक शख्स से 5 लाख रुपए ठग लिए गए। पीड़ित कृष्ण, जो सेक्टर 13 सोनीपत का रहने वाला है, ने इस मामले की शिकायत साइबर थाना सोनीपत में दर्ज करवाई। शिकायत अनुसार, 12 जुलाई को कृष्ण के फोन पर एक कॉल आई जिसमें उसे मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी दिलाने का प्रस्ताव दिया गया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पीड़ित को रजिस्ट्रेशन लिंक भेजा और दस्तावेज जमा कराने के नाम पर पैसे की मांग की। पीड़ित ने भरोसा कर 5 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

राशि जमा करने के बाद आरोपी का नंबर बंद हो गया और पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद 8 अक्टूबर को सोनीपत साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच के आधार पर मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मनोज निवासी कैथल, शिवम निवासी बनारस यूपी, राहुल निवासी संगम विहार दिल्ली, और दीपक निवासी सेक्टर 8 द्वारिका दिल्ली शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी मोहाली (पंजाब) में एक फर्जी कॉल सेंटर चलाकर लोगों को फंसाते थे। मुख्य आरोपी टारगेट देता था और पिछले डेढ़ साल से वे देशभर में लोगों को इसी तरीके से ठग रहे थे

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप और 1 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर आगे की जांच करेगी ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध कॉल, लिंक व नौकरी के नाम पर मांगी जाने वाली राशि से बचने की अपील की है।