10 मई से दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला फ्लाइट सेवा शुरू

शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट से 10 मई से दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला के बीच नियमित उड़ान सेवाएं फिर शुरू होंगी। किराए में 65% से 96% तक बढ़ोतरी हुई है।

10 मई से दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला फ्लाइट सेवा शुरू

7 महीने बाद 10 मई से शिमला एयरपोर्ट से फिर शुरू होंगी नियमित उड़ानें

एलायंस एयर दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट पर सप्ताह में 6 दिन सेवा देगी

हवाई किराए में 65% से 96% तक बढ़ोतरी, यात्रियों की संख्या भी रहेगी सीमित


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे से करीब सात महीने बाद फिर नियमित विमान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। 10 मई 2026 से एलायंस एयर दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट पर दोबारा उड़ान संचालन शुरू करेगी। कंपनी की ओर से एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार एयरलाइन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन उड़ानें संचालित करेगी। लंबे समय बाद हवाई सेवाएं शुरू होने से पर्यटन कारोबार और यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि इस बार यात्रियों को पहले के मुकाबले काफी ज्यादा किराया चुकाना पड़ेगा।

दिल्ली से शिमला और शिमला से दिल्ली के बीच पहले जहां प्रति सीट रियायती किराया करीब 4,500 रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर 7,441 रुपये तक पहुंच गया है। यानी यात्रियों को अब करीब 65 फीसदी अधिक किराया देना होगा।

वहीं शिमला से धर्मशाला और धर्मशाला से शिमला के बीच हवाई किराया भी लगभग दोगुना हो गया है। पहले यह किराया करीब 2,100 रुपये था, जो अब बढ़कर 4,125 रुपये पहुंच गया है। इस रूट पर किराए में लगभग 96 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इन रूटों पर एलायंस एयर का एटीआर-42 (600) विमान उड़ान भरेगा। तकनीकी रूप से यह विमान 48 सीटों वाला है, लेकिन शिमला एयरपोर्ट की भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई और छोटे रनवे के कारण विमान को सीमित यात्रियों के साथ उड़ान भरनी पड़ती है।

दिल्ली से शिमला आने वाली उड़ान में विमान लगभग अपनी पूरी क्षमता के साथ करीब 47 यात्रियों को लेकर आ सकता है। लेकिन शिमला से दिल्ली उड़ान भरते समय पेलोड सीमा और रनवे की स्थिति के कारण विमान में केवल 24 से 28 यात्रियों को ही बैठाया जा सकेगा।

शिमला-धर्मशाला और धर्मशाला-शिमला रूट पर भी मौसम और रनवे की स्थिति के अनुसार यात्रियों की संख्या सीमित रखी जाएगी। ऐसे में यात्रियों को समय रहते टिकट बुक कराने की सलाह दी जा रही है।

गौरतलब है कि शिमला एयरपोर्ट से विमान सेवाएं 2 नवंबर 2025 से बंद थीं। दरअसल, 25 सितंबर 2025 को एलायंस एयर और हिमाचल प्रदेश सरकार के बीच विमान सेवा संचालन को लेकर हुआ करार समाप्त हो गया था। इसके बाद एयरलाइन ने सेवाएं बंद कर दी थीं।

अब दोबारा उड़ान सेवाएं शुरू होने से पर्यटन उद्योग को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। गर्मियों के पर्यटन सीजन में शिमला, धर्मशाला और आसपास के पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण शिमला एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि 10 से 20 मई तक के उड़ान शेड्यूल को डीजीसीए की मंजूरी मिल चुकी है। एयरपोर्ट पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और नियमित सेवाएं शुरू करने के लिए व्यवस्था तैयार है।