पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, 7 सितंबर तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद

पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। राज्य को आपदाग्रस्त घोषित किया गया है। 7 सितंबर तक सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद रहेंगे। अब तक 30 मौतें हो चुकी हैं और 2.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।

पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, 7 सितंबर तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद

➤ पंजाब को आपदाग्रस्त राज्य घोषित, 7 सितंबर तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद
➤ अब तक 30 लोगों की मौत, 2.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, 15 हजार रेस्क्यू
➤ हरियाणा ने मदद के लिए 5 करोड़ रुपये दिए, सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट जारी

पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि राज्य सरकार ने पंजाब को आपदाग्रस्त घोषित कर दिया है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की कि पूरे पंजाब में सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक संस्थान 7 सितंबर 2025 तक बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर यह फैसला लिया गया है और लोगों से स्थानीय प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की।

इससे पहले 31 अगस्त को स्कूलों को 3 सितंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया गया था, लेकिन हालात सुधरने की बजाय और बिगड़ते गए। इससे पहले 26 अगस्त को भी पहली बार बाढ़ के चलते पूरे पंजाब के स्कूल बंद किए गए थे। अब लगातार दूसरी बार छुट्टियां बढ़ाई गई हैं।

पंजाब में सतलुज, ब्यास और रावी जैसी नदियों के उफान पर आने से गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, अमृतसर और होशियारपुर सहित सात से ज्यादा जिले बुरी तरह बाढ़ की चपेट में हैं। इन जिलों के 1000 से अधिक गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। कई घरों में पानी भर गया है और हजारों लोग फंसे हुए हैं। अब तक 2.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और 15 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अगस्त से 2 सितंबर के बीच बारिश और बाढ़ से 30 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा छह मौतें पठानकोट में हुई हैं। खेतों की हजारों एकड़ फसलें जलमग्न हो चुकी हैं और सैकड़ों रास्ते व पुल पानी में डूब गए हैं।

इस बीच पंजाब सरकार ने "सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट" जारी कर लोगों से सहयोग की अपील की है, ताकि प्रभावितों को मदद पहुंचाई जा सके। वहीं पड़ोसी हरियाणा सरकार ने पंजाब को पांच करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी है। हरियाणा सरकार ने बयान जारी कर कहा कि "इस आपदा की घड़ी में पंजाब की जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं और हर संभव मदद करेंगे।"