DIG हरचरण सिंह भुल्लर के घर CBI की रेड़, चल रही तलाशी
रिश्वत केस में पकड़े गए पंजाब के DIG हरचरण सिंह भुल्लर के घर CBI की टीम फिर पहुंची। पहले 7.5 करोड़ कैश, सोना, और जायदाद के कागजात मिले थे। अब नए सबूतों की तलाश जारी है।
➤ DIG हरचरण भुल्लर के घर CBI की फिर से रेड
➤ 7.5 करोड़ कैश, सोना, जायदाद के कागजात पहले ही मिल चुके
➤ DIG बोले- झूठे आरोप में फंसाया गया
चंडीगढ़। पंजाब के DIG हरचरण सिंह भुल्लर पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों के बीच CBI की टीम फिर से उनके घर पहुंची है। यह छापेमारी पहली बार से ठीक 8 दिन बाद की गई है। दिल्ली नंबर की गाड़ी से आई 11 सदस्यीय CBI टीम गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित कोठी में दाखिल हुई और अब भी तलाशी अभियान जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, CBI को सूचना मिली थी कि घर में कुछ और अहम दस्तावेज और सबूत मौजूद हैं, जिन्हें पहले की तलाशी में बरामद नहीं किया जा सका था।
इससे पहले CBI ने 16 अक्टूबर को रिश्वत मामले में DIG हरचरण भुल्लर और उनके एजेंट कृष्नु को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप कारोबारी आकाश बत्रा से 8 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए हुई थी। पहले एजेंट कृष्नु को सेक्टर-21 से रंगे हाथ पकड़ा गया, जिसके बाद CBI टीम ने DIG भुल्लर को भी गिरफ्तार कर लिया।
CBI ने DIG के घर से क्या-क्या बरामद किया था
पहले छापे के दौरान CBI को DIG भुल्लर के घर से 7.5 करोड़ रुपये नकद, ढाई किलो सोना, करीब 50 प्रॉपर्टी के दस्तावेज, महंगी घड़ियां और शराब की बोतलें बरामद हुई थीं।
CBI सूत्रों के अनुसार, 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां इतनी ज्यादा थीं कि टेबल पर जगह नहीं बची। अफसरों को जमीन पर मैट बिछाकर नोट गिनने पड़े और इसके लिए तीन गिनती मशीनें मंगवानी पड़ीं।
DIG के पास से रोलेक्स और राडो ब्रांड की घड़ियां, जिनकी कीमत 2 से 5 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है, भी मिलीं। इसके अलावा उनके लुधियाना स्थित फार्महाउस से 108 बोतलें महंगी शराब की बरामद की गईं — जिनमें कुछ की कीमत 50 हजार रुपये प्रति बोतल थी।
DIG का बयान — "मुझे झूठा फंसाया गया है"
चंडीगढ़ की स्पेशल CBI कोर्ट में पेशी के दौरान DIG हरचरण सिंह भुल्लर ने कहा —“सभी आरोप झूठे हैं। मैं अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करूंगा। मेरे पास वह केस ही नहीं था, मैं कौन होता हूं रिश्वत मांगने वाला।” CBI कोर्ट ने DIG और उनके एजेंट कृष्नु को 31 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सरकार पहले ही DIG को सस्पेंड कर चुकी है।
CBI को क्या शक है
CBI को अब यह शक है कि भुल्लर के घर या किसी अन्य ठिकाने पर और भी वित्तीय दस्तावेज या हवाला लेनदेन के सबूत छिपाए गए हैं। यही वजह है कि एजेंसी ने फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया है। CBI टीम लैपटॉप, पेन ड्राइव, और जायदाद के कागजात को खंगाल रही है।
Author1