पीएम मोदी बोले: नया भारत परमाणु धमकी से नहीं डरता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75वें जन्मदिन पर मध्यप्रदेश के धार से पाकिस्तान को चेताया और कहा कि नया भारत परमाणु धमकी से नहीं डरता। उन्होंने पीएम मित्रा पार्क का शिलान्यास किया, राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान शुरू किया।
➤ पीएम मोदी ने 75वें जन्मदिन पर धार से पाकिस्तान को चेताया कहा ये नया भारत है परमाणु धमकी से नहीं डरता
➤ धार में पीएम मित्रा पार्क का शिलान्यास सिकल सेल स्क्रीनिंग का 1 करोड़वां कार्ड वितरित
➤ स्वस्थ नारी सशक्त परिवार और राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा की शुरुआत लाखों कैंप लगेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर बुधवार को मध्यप्रदेश के धार जिले से देश और दुनिया को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, “ये नया भारत है। ये परमाणु धमकी से नहीं डरता। हम घर में घुसकर मारते हैं। ऑपरेशन सिंदूर में हमारे जवानों ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।” मोदी ने कहा कि धार की धरती पराक्रम की धरती रही है और मां भारती की आन-बान-शान से बड़ा कुछ नहीं।
पीएम ने बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क की आधारशिला रखी और राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा व स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार महाअभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग का 1 करोड़वां कार्ड भी वितरित किया और कहा कि यह अभियान आदिवासी समाज से जोड़ने का सेतु बनेगा।
महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता
मोदी ने कहा, “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई मां या बेटी संसाधनों और जानकारी के अभाव में गंभीर बीमारियों का शिकार न हो। देशभर में लाखों स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना का भी जिक्र किया और बताया कि अब तक 4.5 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में पहुंचाई गई है।
हैदराबाद मुक्ति दिवस का जिक्र
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को हैदराबाद मुक्ति दिवस मनाया जाता है। सरदार पटेल की इच्छाशक्ति और भारतीय सेना के पराक्रम से हैदराबाद को आज़ादी मिली थी। दशकों तक इस उपलब्धि को भुला दिया गया, लेकिन उनकी सरकार ने इसे ऐतिहासिक दिवस के रूप में अमर कर दिया।
पीएम मित्रा पार्क से रोजगार और निवेश
धार में बनने वाला पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क 2158 एकड़ में फैला होगा। यहां से तैयार कपड़े सीधे गुजरात के कांडला पोर्ट तक 12 घंटे में पहुंचाए जा सकेंगे। सरकार का दावा है कि इससे तीन लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। अभी तक 60 कंपनियों के साथ 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश समझौता हो चुका है।
सीएम और मंत्रियों के बयान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने “मोदी है तो मुमकिन है” को सच कर दिखाया। वहीं MSME मंत्री चैतन्य काश्यप ने जानकारी दी कि यहां 700 करोड़ की लागत से अल्ट्रा मॉडर्न औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जा रहा है।
दुर्घटना से माहौल दुखी
इस बीच प्रधानमंत्री की सभा के लिए झाबुआ से आ रही बस ने 6 वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी। बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे दाहोद रेफर किया गया। इस घटना से सभा में पहुंच रहे लोगों का माहौल गमगीन हो गया।
Akhil Mahajan