पानीपत में ईमानदारी की मिसाल, डिलीवरी बॉय ने लौटाए 50 हजार रुपये

पानीपत में एक डिलीवरी बॉय ने सड़क पर मिले 50 हजार रुपये दुकानदार को सौंप दिए। CCTV और सोशल मीडिया की मदद से असली मालिक का पता लगाकर पूरी रकम सुरक्षित लौटा दी गई।

पानीपत में ईमानदारी की मिसाल, डिलीवरी बॉय ने लौटाए 50 हजार रुपये

पानीपत में डिलीवरी बॉय ने सड़क पर मिले 50 हजार रुपये ईमानदारी से दुकानदार को सौंपे

दुकानदार ने CCTV और सोशल मीडिया की मदद से असली मालिक को तलाशा

शोरूम के सेल्समैन को पूरे रुपये लौटे, बोला- बड़ी मुसीबत टल गई


पानीपत। आज के दौर में जहां अक्सर सड़क पर मिला सामान वापस मिलने की उम्मीद कम होती है, वहीं हरियाणा के पानीपत से ईमानदारी की एक मिसाल सामने आई है। यहां एक डिलीवरी बॉय ने सड़क पर गिरे 50 हजार रुपये के नोटों का बंडल उठाकर अपने पास रखने के बजाय पास के दुकानदार को सौंप दिया। इसके बाद दुकानदार ने CCTV फुटेज और सोशल मीडिया की मदद से असली मालिक को खोज निकाला।

पूरा मामला शिव मार्केट का है। यहां नीरज चोपड़ा फर्नीचर हाउस में काम करने वाले सेल्समैन नितिन सैनी को शोरूम मालिक ने कैनरा बैंक से 5 लाख रुपये निकालने के लिए भेजा था। बैंक से नकदी लेकर लौटते समय उनकी जेब से 500-500 रुपये के नोटों की एक गड्डी सड़क पर गिर गई। उन्हें इसका बिल्कुल भी एहसास नहीं हुआ और वह आगे निकल गए।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय की नजर सड़क पर पड़े नोटों के बंडल पर पड़ी। उसने बिना किसी लालच के रुपये उठाए और पास में मौजूद गारमेंट दुकानदार तरुण को सौंप दिए। रुपये देने के बाद वह बिना रुके अपनी डिलीवरी के लिए आगे बढ़ गया।

दुकानदार तरुण ने नोटों की गिनती की तो उसमें पूरे 50 हजार रुपये निकले। इसके बाद उन्होंने आसपास के दुकानदारों के साथ मिलकर असली मालिक की तलाश शुरू की। बाजार में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें एक युवक की जेब से नोटों की गड्डी गिरती दिखाई दी।

मामले को जल्द सुलझाने के लिए दुकानदार ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो कुछ ही घंटों में लोगों तक पहुंच गया। इसी दौरान पैसे तलाश रहे नितिन सैनी भी बाजार में पूछताछ करते हुए दुकान तक पहुंच गए।

दुकानदार ने पहले नितिन से नोटों की संख्या और अन्य जरूरी जानकारी पूछकर पूरी पुष्टि की। जब यह सुनिश्चित हो गया कि रुपये उन्हीं के हैं, तब पूरे 50 हजार रुपये उन्हें लौटा दिए गए। इस दौरान बाजार के अन्य व्यापारी भी मौजूद रहे।

नितिन सैनी ने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से शोरूम में काम कर रहे हैं और मालिक उन्हें पूरा भरोसा देकर बैंक से नकदी मंगवाते हैं। अगर यह रकम वापस नहीं मिलती तो उन्हें बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। उन्होंने डिलीवरी बॉय और दुकानदार की ईमानदारी की जमकर सराहना करते हुए कहा कि उनकी वजह से बड़ी मुसीबत टल गई।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जिनकी ईमानदारी दूसरों के लिए प्रेरणा बनती है।