थाने में चाकू से हमला, 9 पुलिसकर्मी घायल; जवाबी फायरिंग में आरोपी को लगीं 6 गोलियां
दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में नबील ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया। घटना में नौ पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि जवाबी फायरिंग में आरोपी को छह गोलियां लगीं।
➤ आरोपी नबील ने थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया, पांच पुलिसकर्मी घायल हुए
➤ थाने से भागकर स्कूटी छीनी, चितली कबर के पास पीछा करने पहुंची पुलिस टीम पर फिर किया हमला
➤ पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में लगीं छह गोलियां, तीन अलग-अलग केस दर्ज
दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हुए हमले की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय नबील ने पहले थाने के भीतर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया और फिर वहां से भागकर एक व्यक्ति की स्कूटी छीन ली। पुलिस ने जब चितली कबर के पास उसे घेरने की कोशिश की तो उसने दोबारा चाकू से हमला कर दिया। इस पूरी घटना में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी को छह गोलियां लगीं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी रोहित राजबीर ने घटना का पूरा विवरण दिया है।
मां और बहन की शिकायत पर थाने बुलाया गया था आरोपी
डीसीपी रोहित राजबीर के अनुसार, घटना सोमवार 23 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे की है। इससे पहले करीब दो बजे एक मां और उसकी बेटी जामा मस्जिद थाने पहुंची थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि नबील नाम का व्यक्ति, जो उनका बेटा और भाई है, उन्हें काफी परेशान करता है। दोनों ने पुलिस से उसे थाने बुलाकर समझाने और काउंसलिंग करने का अनुरोध किया था।
महिलाएं थाने में सब इंस्पेक्टर अजय से मिलीं। इसके बाद अजय ने नबील को फोन करके थाने आने के लिए कहा। शुरुआत में उसने आने से इनकार किया, लेकिन जब उसे बताया गया कि उसकी मां और बहन थाने में मौजूद हैं तो उसने फोन काट दिया और कुछ देर में आने की बात कही।
थाने में घुसते ही सब इंस्पेक्टर पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, नबील जब थाने पहुंचा तो उसने पूछा कि उसे किसने बुलाया है। सब इंस्पेक्टर अजय ने बताया कि उन्होंने उसे बुलाया है। इसके तुरंत बाद आरोपी ने चाकू से अजय के गले और चेहरे पर वार कर दिए।
अजय को बचाने और आरोपी को काबू करने के लिए आसपास मौजूद पुलिसकर्मी आगे बढ़े तो नबील ने उन पर भी चाकू से हमला किया। डीसीपी के अनुसार, थाने के भीतर इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें दो सब इंस्पेक्टर, एक एएसआई और दो हेड कांस्टेबल शामिल हैं।
स्कूटी छीनकर हुआ फरार, चितली कबर के पास फिर हमला
थाने के भीतर पांच पुलिसकर्मियों को घायल करने के बाद आरोपी बाहर भाग गया। पुलिस के अनुसार, उसने रास्ते में स्कूटी पर जा रहे एक व्यक्ति को रोका, उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद वह उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गया।
घायल पुलिसकर्मियों को पहले नजदीकी संजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें गंगाराम अस्पताल पहुंचाया गया। डीसीपी के मुताबिक, चार पुलिसकर्मियों को भर्ती कर ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया था। उनकी हालत स्थिर बताई गई।
चितली कबर के पास पुलिस टीम पर दोबारा चाकू से हमला
आरोपी की तलाश में दरियागंज, जामा मस्जिद और चांदनी महल थानों के अलावा ऑपरेशंस, स्पेशल स्टाफ और एटीएस की टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने उसे चितली कबर के पास ट्रैक किया। टीम ने उसे रुकने और सरेंडर करने की चेतावनी दी।
डीसीपी के अनुसार, पुलिस टीम के पास पहुंचने पर नबील ने फिर चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस दौरान चार कांस्टेबल घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया।
जवाबी फायरिंग में आरोपी को लगीं छह गोलियां
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को काबू करने के लिए पहले दो से तीन राउंड फायर किए गए। इसके बाद कुल आठ राउंड फायरिंग की गई, जिनमें से छह गोलियां नबील को लगीं। डीसीपी ने बताया कि आरोपी के दोनों पैरों में छह गोलियां लगी हैं। उसे भी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में घायल नौ पुलिसकर्मियों में से पांच थाने के भीतर और चार चितली कबर के पास हुए हमले में घायल हुए। डीसीपी के अनुसार, दो सब इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हैं।
तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए जा रहे
डीसीपी रोहित राजबीर ने बताया कि घटना को लेकर तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पहला मामला थाने के भीतर पुलिसकर्मियों पर हमले का है। दूसरा स्कूटी जबरन छीनने से जुड़ा है। तीसरा मामला चितली कबर के पास पुलिसकर्मियों पर हमले और उसके बाद हुई जवाबी फायरिंग से संबंधित है।
पुलिस के अनुसार, नबील के खिलाफ वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में झगड़े का एक मामला भी दर्ज है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी की उम्र 20 साल है और वह मानसिक रूप से ठीक है। घटना के समय उसकी मां और बहन थाने में मौजूद थीं।
Akhil Mahajan