इंटरनेशनल बेइज्जती : इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों से छेड़छाड़
इंदौर में आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप खेलने आई ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी अकील को गिरफ्तार किया। घटना के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई है।
➤ इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों से छेड़छाड़
➤ पुलिस ने आरोपी अकील को 24 घंटे में किया गिरफ्तार
➤ सुरक्षा में लापरवाही पर अधिकारियों से जवाब-तलब
अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट की साख को झकझोर देने वाली शर्मनाक घटना में, ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब दोनों खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू से कैफे ‘द नेबरहुड’ की ओर पैदल जा रही थीं।
बताया जा रहा है कि सफेद शर्ट और काली टोपी पहने एक बाइक सवार युवक लगातार उनका पीछा कर रहा था। कुछ ही देर बाद उसने एक खिलाड़ी को गलत तरीके से छुआ और मौके से फरार हो गया।
घबराई खिलाड़ियों ने तुरंत अपने टीम सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को मैसेज भेजकर लाइव लोकेशन शेयर की। इसके बाद सिमंस ने स्थानीय अधिकारी सुमित चंद्रा से संपर्क किया और टीम की कार भेजी गई। दोनों खिलाड़ियों को सुरक्षित होटल वापस लाया गया।
ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि दोनों खिलाड़ी टीम की मुख्य प्लेयर्स में से हैं, जिनका नाम सुरक्षा कारणों से गोपनीय रखा गया है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी अकील की पहचान
सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस की शिकायत पर एमआईजी पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने तुरंत विजय नगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा और कनाड़िया थानों की टीम गठित की। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिससे आरोपी की पहचान अकील (खजराना निवासी) के रूप में हुई।
पुलिस ने शुक्रवार शाम आरोपी को आजाद नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि अकील पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामले की पूरी रिपोर्ट क्रिकेट बोर्ड और जिला प्रशासन को सौंप दी है।
सुरक्षा व्यवस्था में बढ़ाई गई सतर्कता
इस घटना के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। होटल से मैदान तक के रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने नाराजगी जताते हुए इंटेलिजेंस विंग को फटकार लगाई और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा के निर्देश दिए।
एडिशनल डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया ने बताया कि,
“ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ पहले भी अपराध दर्ज हैं। अब यह जांच की जा रही है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में कहां चूक हुई।”
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले – होगी कड़ी कार्रवाई
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि,
“इंदौर जैसे शांत शहर में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ ऐसा बर्ताव अस्वीकार्य है। दोषी को सख्त सजा दी जाएगी।”
बीसीसीआई सचिव ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि,
“यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, इससे देश की छवि को ठेस पहुंचती है। मध्य प्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय है। कानून को अपना काम करना चाहिए ताकि अपराधी को सजा मिल सके।”
Author1